दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों पर घमासान, सपा विधायक ने बिजली विभाग पर ₹1 लाख वसूली का लगाया आरोप

Monday, June 29, 2026 - 17:25
Updated: 2 months ago
0
दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों पर घमासान, सपा विधायक ने बिजली विभाग पर ₹1 लाख वसूली का लगाया आरोप

जौनपुर (आरएनआई) कलेक्ट्रेट सभागार में रविवार को आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विकास कार्यों की धीमी प्रगति, जल जीवन मिशन, सड़क निर्माण और बिजली व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को जमकर घेरा। बैठक की अध्यक्षता जौनपुर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने की, जबकि मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज सह-अध्यक्ष रहीं। बैठक में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव समेत जिले के जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। कई विभागों के कार्यों पर असंतोष जताते हुए सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन पर उठे सवाल

मछलीशहर विधानसभा से सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश का सबसे बड़ा बजट इस योजना में खर्च हो रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर दो प्रतिशत काम भी दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि जनता पेयजल की समस्या से परेशान है और समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों के पास संतोषजनक जवाब नहीं था।

सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप

रागिनी सोनकर ने लोक निर्माण विभाग (PWD) पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में स्वीकृत सड़क का निर्माण ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत के कारण अब तक शुरू नहीं हो सका। साथ ही आरोप लगाया कि मानकों की अनदेखी कर लोगों के दबाव में सड़क का मार्ग बदला जा रहा है। उन्होंने दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग की।

बिजली विभाग पर ₹1 लाख वसूली का आरोप

बैठक में सबसे गंभीर आरोप बिजली विभाग पर लगे। विधायक रागिनी सोनकर ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में एक माह पहले आए आंधी-तूफान से कई बिजली पोल और तार क्षतिग्रस्त हो गए थे। विभाग से शिकायत के बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई, लेकिन चार दिन पहले एसडीओ और लाइनमैन द्वारा कथित तौर पर ₹1 लाख की वसूली के बाद काम कराया गया। उन्होंने इस मामले को बैठक में उठाते हुए कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

अंत्योदय कार्ड और किसानों की समस्याएं भी उठीं

बैठक में अंत्योदय राशन कार्डों की संख्या बढ़ाने की मांग भी की गई। विधायक ने बिजली कटौती और किसानों के लिए प्रस्तावित निजी ट्रांसफार्मर योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि छोटे किसान लाखों रुपये खर्च करने में सक्षम नहीं हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने विभागों की कार्यशैली पर जताई नाराजगी

नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने कहा कि कई विभाग, विशेषकर लोक निर्माण विभाग, विकास कार्यों में काफी पीछे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कों का निर्माण मानकों के विपरीत हुआ है, जिससे जनता संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछली दिशा बैठक में प्रत्येक विधायक क्षेत्र की एक-एक सड़क की जांच कराने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब तक एक भी सड़क की जांच नहीं हुई।

सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने दिए निर्देश

बैठक के अंत में अध्यक्ष सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि सभी विभागों की विस्तृत समीक्षा की गई है। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने और लंबित विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
VISHWA PRAKASH SRIVASTAVA

Vishwa prakash srivastava (JAURANLIST) JAUNPUR ADD MOHALLA RUHTTA

Comments (0)

User