दिल्ली से चीन भेजी जा रही 10 टन लाल चंदन की लकड़ी जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
नई दिल्ली (आरएनआई)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने दक्षिण-पूर्व जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 टन (करीब 9,500 किलोग्राम) लाल चंदन की लकड़ी जब्त की है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त की गई लकड़ियों की अनुमानित कीमत लगभग छह करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह लकड़ी आंध्र प्रदेश के तिरुपति से तस्करी कर लाई गई थी और इसे चीन तथा अन्य दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में भेजा जाना था, जहां लाल चंदन की ऊंची मांग रहती है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त डाॅ. हेमंत तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह कार्रवाई आंध्र प्रदेश पुलिस द्वारा साझा की गई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। जानकारी के अनुसार, अगस्त माह में तिरुपति से बड़ी मात्रा में लाल चंदन चोरी हुआ था। वहां दर्ज एफआईआर के आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी की गई लकड़ियां दिल्ली लाई गई हैं।
इसके बाद दिल्ली पुलिस की एसटीएफ और आंध्र प्रदेश की खुफिया इकाई की संयुक्त टीम ने तुगलकाबाद स्थित एक गोदाम पर छापा मारा, जहां से लाल चंदन की यह खेप बरामद की गई। मौके से हैदराबाद निवासी इरफान और मुंबई (ठाणे) निवासी अमित संपत पवार को गिरफ्तार किया गया।
जांच में पता चला कि दोनों आरोपी अगस्त के पहले सप्ताह में लाल चंदन की लकड़ी आंध्र प्रदेश के वन क्षेत्रों से लेकर आए थे और उसे ट्रकों में छिपाकर दिल्ली लाए थे। यहां से वे लकड़ी को विदेशी बाजारों में भेजने की तैयारी कर रहे थे।
डाॅ. तिवारी ने बताया कि लाल चंदन की लकड़ी की औषधीय व वाणिज्यिक उपयोगिता के कारण इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अत्यधिक मांग है। यह बरामदगी अब तक की दिल्ली में लाल चंदन की सबसे बड़ी जब्तियों में से एक मानी जा रही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



