फतेहपुर में भीषण सड़क हादसा: टायर फटने से स्कार्पियो खंदक में गिरी, चार की मौत, पांच लोगों को पुलिस ने बचाया
फतेहपुर (आरएनआई)। फतेहपुर जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोगों को पुलिस ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसा कानपुर–प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-19) पर बड़ौरी ओवरब्रिज के पास हुआ, जब एक स्कार्पियो का टायर फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर पानी से भरे गहरे खंदक में जा गिरा।
पुलिस के अनुसार, प्रयागराज के खुल्दाबाद सब्जी मंडी क्षेत्र से नौ लोग कानपुर के मोतीझील स्थित वाल्मीकि आश्रम में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। बुधवार तड़के सभी लोग स्कार्पियो से वापस प्रयागराज लौट रहे थे।
रास्ते में अचानक स्कार्पियो का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने खंदक में गिर गया। खंदक में पानी भरा होने के कारण गाड़ी कुछ ही पलों में डूब गई। गाड़ी में फंसे चार लोगों की दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर पांच यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मृतकों की पहचान साहिल गुप्ता (26), शिवम साहू (28), रितेश सोनकर (28) और राहुल केसरवानी (25) के रूप में हुई है। वहीं, चालक राहुल कुमार, महेश, अमित, सुमित और नीरज को सकुशल बचा लिया गया।
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर राहत-बचाव कार्य तेजी से चलाया गया और नेशनल हाईवे पर यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



