दिल्ली में बाढ़ का कहर: कश्मीरी गेट तक पहुंची यमुना, 99 ट्रेनें प्रभावित

Sep 4, 2025 - 10:02
 0  297
दिल्ली में बाढ़ का कहर: कश्मीरी गेट तक पहुंची यमुना, 99 ट्रेनें प्रभावित

नई दिल्ली (आरएनआई) दिल्ली-एनसीआर में आज गुरुवार सुबह फिर दिन की शुरुआत बारिश से हुई। कई हिस्सों में सुबह बारिश देखी गई। वहीं दूसरी तरफ यमुना नदी उफान पर है, जिसकी वजह से कई निचले इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। यमुना बाजार, मजनू का टीला, मयूर विहार, गीता कॉलोनी, और झरोड़ा कलां जैसे क्षेत्रों में पानी घरों और दुकानों में घुस गया है।मौसम विभाग ने इस महीने भी अच्छी बारिश का आनुमान जताया है। खराब मौसम और बारिश के कारण आज भी उड़ानें प्रभावित रहेंगी।

दिल्ली मंडल के पुराने यमुना पुल (ब्रिज संख्या-249) पर रेल यातायात निलंबित कर दिया गया है। इसके चलते बड़ी संख्या में ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। रेलवे ने बताया कि सुरक्षा कारणों से 40 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है, 34 ट्रेनों का मार्ग बदला गया है, 11 ट्रेनों की शुरुआत (शॉर्ट ओरिजिनेशन) अन्य स्टेशनों से होगी और 14 ट्रेनों का गंतव्य बदलकर (शॉर्ट टर्मिनेशन) समय से पहले ही समाप्त किया जाएगा।

दिल्ली से सहारनपुर, शामली, गाजियाबाद, अलीगढ़, दनकौर समेत कई नजदीकी मार्गों पर चलने वाली ईएमयू और पैसेंजर ट्रेनों को 4 सितंबर को रद्द कर दिया गया है। इनमें दिल्ली जंक्शन–सहारनपुर, दिल्ली–शामली, दिल्ली–गाजियाबाद, दिल्ली–अंबाला कैंट, दिल्ली–मुरादाबाद और दिल्ली–कोटद्वार जाने वाली कई एक्सप्रेस व जनशताब्दी भी शामिल हैं। जम्मूतवी से धनबाद और जम्मूतवी–बाड़मेर शालीमार एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं।

34 ट्रेनें डायवर्ट
लंबी दूरी की 34 ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है। इनमें अवध असम एक्सप्रेस, कालका–हावड़ा मेल, रानीखेत एक्सप्रेस, मसूरी एक्सप्रेस, आलाहजरत एक्सप्रेस, मानेन्दा एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल सहित पूर्वोत्तर, बिहार, उत्तर प्रदेश और पूर्वी भारत की ओर जाने वाली ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों को साहिबाबाद, नई दिल्ली, सब्जीमंडी, तिलक ब्रिज व सराय रोहिल्ला स्टेशनों के रास्ते मोड़ा जा रहा है।

11 ट्रेनें दूसरे स्टेशनों से चलेंगी
दिल्ली जंक्शन से खुलने वाली 11 ट्रेनों की शुरुआत अन्य स्टेशनों से होगी। इनमें कुछ गाड़ियां दिल्ली शाहदरा, गाजियाबाद, आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन और मेरठ सिटी से रवाना होंगी। दिल्ली–हरिद्वार, दिल्ली–सहारनपुर, दिल्ली–गया और दिल्ली–काठगोदाम एक्सप्रेस इनमें प्रमुख हैं।

14 ट्रेनें बीच में ही समाप्त
14 गाड़ियों का गंतव्य बदला गया है। यानी वे अपने अंतिम स्टेशन तक नहीं जाएंगी और बीच में ही समाप्त हो जाएंगी। इनमें गया से दिल्ली सुपरफास्ट स्पेशल, सहारनपुर–दिल्ली, हरिद्वार–दिल्ली, काठगोदाम–दिल्ली व जालंधर–दिल्ली जैसी गाड़ियां शामिल हैं, जिन्हें आनंद विहार, शाहदरा, गाजियाबाद और मेरठ सिटी पर ही समाप्त किया जा रहा है।

आज सुबह 7:00 बजे पुराने रेलवे ब्रिज (ORB) पर यमुना का जलस्तर 207.48 मीटर दर्ज किया गया है। जो 208 तक पहुंचने का अनुमान है। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से सुबह 7 बजे 1,43,184 क्यूसेक और 8 बजे 1,42,604 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वजीराबाद बैराज से 1,93,090 क्यूसेक और ओखला बैराज से 2,40,002 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। इन बैराजों से लगातार छोड़ा जा रहा पानी यमुना के जलस्तर को और बढ़ा रहा है। बाढ़ और बारिश की वजह से दिल्ली पर दोहरी मार लग रही है।

अलीपुर के पास फ्लाइओवर पर गड्ढा
दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर फ्लाईओवर का एक हिस्सा भारी बारिश के कारण ढह गया।

राजधानी दिल्ली में खराब मौसम और बारिश के कारण आज भी उड़ानें प्रभावित रहेंगी। हवाई कंपनियों ने अपने यात्रियों को अपडेट रहने की सलाह दी है। दिल्ली-एनसीआर, यूपी, पंजाब, हरियाणा में भी जलभराव से हालात बिगड़े हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एयरपोर्ट से रवाना होने वाली 400 से अधिक उड़ानों को रद्द करना पड़ा है। कई राज्यों में स्कूलों को बंद करना पड़ा है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और हिमाचल समेत आठ राज्यों में अगले दो-तीन दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे स्थिति और गंभीर होने की आशंका है। दिल्ली में पांच सितंबर को बारिश का हाई अलर्ट है।

उफनती यमुना नदी का पानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में घुसने से भीषण जलभराव देखा गया। साथ ही लोहा पुल और आसपास के इलाकें पानी में डूबे हुए हैं। लगातार बारिश के बाद यमुना नदी का उफान जारी है। यमुना बाजार, मजनू का टीला, सिविल लाइंस, मयूर विहार, गीता कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में पानी घरों घुस गया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है।


दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित बेला रोड पर उफनती यमुना नदी का पानी इलाके में घुसने से वाहन डूब गए और इमारतें पानी में डूब गई हैं। वहीं यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से कश्मीरी गेट इलाके के कुछ हिस्सों में पानी भर गया। पानी रिंग रोड पर दिख रहा है। इलाके से आज सुबह 7:10 बजे ड्रोन से कुछ वीडियो और तस्वीरें ली गई हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.