ट्रंप का बड़ा बयान: ‘गोली चार्ली पर चली, मगर निशाना हम सब थे’
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चार्ली किर्क की याद में आयोजित समारोह में कहा कि गोली केवल चार्ली पर नहीं, बल्कि हर कंजरवेटिव आवाज पर दागी गई थी। उन्होंने हमलावर टायलर रॉबिन्सन को कट्टरपंथी राक्षस बताते हुए सख्त सजा की मांग की। ट्रंप ने मीडिया और वामपंथी ताकतों पर झूठ फैलाने और नफरत भड़काने का आरोप लगाया। वहीं, चार्ली की पत्नी एरिका किर्क ने हमलावर को माफ कर दिया और शांति का संदेश दिया।
वॉशिंगटन (आरएनआई) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चार्ली किर्क की याद में आयोजित समारोह में वामपंथी ताकतों और उनके सहयोगियों पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चार्ली किर्क को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वह उन विचारों को प्रकट कर रहे थे जिन पर पूरा अमेरिका विश्वास करता है।
इस दौरान ट्रंप ने कहा बंदूक चार्ली पर तनी थी, लेकिन गोली हम सब पर दागी गई थी। यह गोली हर उस व्यक्ति के खिलाफ थी जो सच्चाई और आजादी की आवाज उठाता है। उन्होंने मीडिया और वामपंथियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने चार्ली को बदनाम किया क्योंकि वह जीत रहे थे और उनका प्रभाव बढ़ रहा था।
राष्ट्रपति ट्रंप ने हमलावर टायलर रॉबिन्सन को कट्टरपंथी राक्षस बताया और कहा कि उसे उसके अपराध की पूरी और अंतिम सजा मिलेगी। उन्होंने बताया कि रॉबिन्सन पर कैपिटल मर्डर का केस दर्ज किया गया है। यह हमला 10 सितंबर को यूटा वैली यूनिवर्सिटी में हुआ था, जहां 31 वर्षीय चार्ली किर्क को गोली मार दी गई।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी राजनीति का एक वर्ग खुद को सत्य, अच्छाई और सद्गुण का ठेकेदार मानता है और यही सोच हिंसा को जन्म देती है। उन्होंने कहा, “अगर बोलना हिंसा है, तो कुछ लोग मान लेंगे कि हिंसा जरूरी है ताकि बोलने वालों को रोका जा सके। उन्होंने उन लोगों की आलोचना भी की जिन्होंने चार्ली की मौत पर खुशी जताई।
ट्रंप ने कहा कि चार्ली की जिंदगी का सबसे बड़ा सबक है कि एक व्यक्ति अच्छा दिल, सच्चा मकसद और हिम्मत रखकर सबकुछ कर सकता है। उन्होंने 2024 में खुद पर हुए हमले के बाद बोले अपने शब्दों को दोहराया और संबोधन के आखिरी में कहा कि लड़ो, लड़ो, लड़ो।
चार्ली की पत्नी एरिका किर्क ने कार्यक्रम में भावुक भाषण दिया और हमलावर को माफ कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं उसे माफ करती हूं क्योंकि यही मसीह ने किया था। नफरत का जवाब नफरत नहीं है। उन्होंने यीशु के वचनों का उद्धरण देते हुए कहा कि फादर इन्हें माफ कर दो क्योंकि ये नहीं जानते कि ये क्या कर रहे हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



