झूलती विद्युत तारें बन रहीं जानलेवा, विभाग बेपरवाह

Jul 2, 2025 - 19:22
Jul 2, 2025 - 19:27
 0  270
झूलती विद्युत तारें बन रहीं जानलेवा, विभाग बेपरवाह

खागा, फतेहपुर (आरएनआई) तहसील क्षेत्र के किशनपुर पावर हाउस अंतर्गत अहमदगंज तिहार गांव में विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। गांव के खेतों से महज आठ फीट की ऊंचाई पर 11,000 वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन झूल रही है, जो किसी भी बड़े हादसे को न्यौता दे रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार विभाग को इस संबंध में सूचना दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

खेतों में रोजमर्रा की कृषि गतिविधियों के दौरान ग्रामीणों को हर समय जान का खतरा बना रहता है। विशेषकर बरसात और तेज हवाओं के दौरान यह खतरा और भी बढ़ जाता है। ग्रामीण भय और चिंता में हैं कि कब कौन इस झूलती मौत की चपेट में आ जाए। कुछ दिन पूर्व ही खैरई गांव में एक युवक की दर्दनाक मौत 11,000 वोल्ट की तार की चपेट में आने से हो चुकी है। वह हादसा विभाग की इसी तरह की लापरवाही का परिणाम था, जब पेड़ों के बीच से गुजर रही तार ने जान ले ली। बावजूद इसके विभाग ने कोई सबक नहीं लिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्युत विभाग जानबूझकर अनदेखी कर रहा है और किसी बड़े हादसे के इंतजार में बैठा है। अगर समय रहते तारों को सही नहीं किया गया, तो भविष्य में और भी दर्दनाक हादसे हो सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से झूलती तारों की मरम्मत कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लालकृष्ण निषाद ने बताया कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारयों को सूचना दी गई कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं अधिशाषी अभियंता विजय कुमार ने बताया कि जेई को मौके पर भेज कर जांच कराई जाएगी।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0