चुनावी रंजिश में गरीब मजदूर से मारपीट, गाँव छोड़ने व जान से मारने की धमकी; चार दिन से थाने के चक्कर काट रहा पीड़ित

Sunday, April 5, 2026 - 13:15
Updated: 5 months ago
0
चुनावी रंजिश में गरीब मजदूर से मारपीट, गाँव छोड़ने व जान से मारने की धमकी; चार दिन से थाने के चक्कर काट रहा पीड़ित

हरदोई (आरएनआई) क्षेत्र के उमरौली ग्राम में चुनावी रंजिश का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने ग्रामीण परिवेश में न्याय व्यवस्था और संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि एक गरीब मजदूर को चुनावी खुन्नस का शिकार बनाते हुए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और उनके परिजनों ने न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि उसे गाँव छोड़ने और जान से मारने की धमकी भी दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बेहटा गोकुल क्षेत्र के उमरौली गाँव निवासी राजन पुत्र रामनाथ का कहना है कि 1 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब तीन बजे वह अपने घर के दरवाजे पर बैठा था। इसी दौरान गाँव के प्रधान प्रतिनिधि अवनीश अग्निहोत्री पुत्र बैजनाथ अपने भाई भूरे तथा सौरभ गौतम समेत अन्य लोगों के साथ वहाँ पहुँचे। आरोप है कि सभी ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर लात-घूंसों व डंडों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने धमकी देते हुए कहा कि यदि वह उनकी बात नहीं मानेगा तो उसे गाँव से निकाल दिया जाएगा, अन्यथा गोली मार दी जाएगी और उसे बचाने वाला कोई नहीं मिलेगा। घटना के बाद पीड़ित ने थाना बेहटा गोकुल में लिखित शिकायत दी, किंतु कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

राजन का कहना है कि वह पिछले चार दिनों से लगातार थाने के चक्कर काट रहा है, पर उसकी सुनवाई नहीं हो रही। इससे पीड़ित परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। ग्रामीणों का भी कहना है कि एक गरीब मजदूर के साथ अन्याय हुआ है और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं क्षेत्र में यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि कहीं प्रभाव और दबाव के कारण पुलिस कार्रवाई से बचती नजर आ रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। पीड़ित ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। अब सबकी निगाहें जिम्मेदार अधिकारियों पर टिकी हैं कि वे इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User