ग्वालियर में दिनदहाड़े फायरिंग, सदर बाजार में खौफ; सर्राफा कारोबारी की दुकान पर हमला
ग्वालियर (आरएनआई) शहर के उपनगर मुरार के सदर बाजार में सोमवार दोपहर अचानक गोलियों की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। नकाबपोश बाइक सवार बदमाश बाजार में घुसे और पिस्तौल व कट्टे लहराते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने सर्राफा कारोबारी महावीर जैन की दुकान को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं। इसमें दुकान पर चार गोलियां लगीं, जबकि तीन से चार गोलियां आसपास की दुकानों और दीवारों पर जा धंसीं।
अचानक हुई गोलीबारी से बाजार में दहशत फैल गई। लोग दुकानों के शटर गिराकर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। व्यापारियों में आक्रोश फैल गया और दुकानदारों ने दुकानें बंद करके विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह, एसपी अनु बेनीवाल समेत करीब आधा सैकड़ा पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति नियंत्रित की। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से बात कर इलाके में शांति बहाल करने की कोशिश की।
फायरिंग के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच और छानबीन शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की पहचान की जा रही है।
घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है और जल्द अपराधियों को पकड़े जाने का दावा किया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



