गुना में श्रीराम फाइनेंस कर्मचारी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाए बंधक बनाकर प्रताड़ना के आरोप
गुना। (आरएनआई) शहर के एबी रोड पर स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ कंपनी की बिल्डिंग से संदिग्ध परिस्थितियों में कूदकर एक 30 वर्षीय कर्मचारी ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान लूसन का बगीचा निवासी सचिन सेन के रूप में हुई है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों पर प्रताडऩा, बंधक बनाने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्वालियर में मीटिंग है कहकर निकला था युवक
मृतक के भाई मनीष सेन ने बताया कि सचिन पिछले दो वर्षों से श्रीराम फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। परसों उसने परिवार से कहा था कि उसके वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ग्वालियर में एक महत्वपूर्ण मीटिंग है और वह मीटिंग समाप्त होने के बाद ही घर लौटेगा। पिछले तीन दिनों से वह घर नहीं आया था, लेकिन फोन पर लगातार संपर्क में था और हर बार यही कहता था कि वह अपने सर के साथ है।
मम्मी-पत्नी को बेचो, लेकिन पैसे लाकर दो
परिजनों का आरोप है कि ग्वालियर से आए एक वरिष्ठ अधिकारी और कंपनी में ही काम करने वाले हालिम नामक युवक सहित करीब 8 से 10 लोग सचिन पर पैसों को लेकर अत्यधिक दबाव बना रहे थे। भाई मनीष ने रोते हुए बताया कि आरोपी सचिन को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त कर रहे थे। उन्होंने सचिन से यहाँ तक कह दिया था कि चाहे अपनी मम्मी को बेचो या पत्नी को, लेकिन हमें कहीं से भी पैसे लाकर दो।
ऑफिस में बंधक बनाकर रखने का आरोप
मनीष के अनुसार, घटना के कुछ देर पहले ही सचिन से फोन पर बात हुई थी, तब उसने हड़बड़ाहट में कहा था कि वह सर के साथ है और बाद में बात करेगा। इसके बाद सचिन ने बताया कि उसे ऑफिस के भीतर बंधक बनाकर रखा गया है और घर नहीं जाने दिया जा रहा है। परिजनों का अनुमान है कि सचिन या तो उन लोगों के चंगुल से भागने के लिए बिल्डिंग से कूदा है या फिर आरोपियों ने उसे ऊपर से धक्का दे दिया है। मृतक अपने पीछे एक 3 वर्षीय मासूम बच्चे और पत्नी को रोता-बिलखता छोड़ गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे शहर में आक्रोश का माहौल है और पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
- इनका कहना है
- सचिन सेन नाम का लडक़ा बिल्डिंग से गिरने के बाद जिला अस्पताल आया है। जिसकी मृत्यु हो गई। मामले में पुलिस टीम जांच कर रही है। परिजनों ने जो आरोप लगाए हैं, उसकी भी जांच कर रहे हैं। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर कार्रवाई करेंगे।-एएसपी
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)