गुना मंडी गेट पर दिनदहाड़े फायरिंग: पिस्टल से दनादन गोलियां, दुकानदार बाल-बाल बचा; आरोपी पकड़ा गया

Thursday, April 9, 2026 - 19:40
Updated: 4 months ago
0
गुना मंडी गेट पर दिनदहाड़े फायरिंग: पिस्टल से दनादन गोलियां, दुकानदार बाल-बाल बचा; आरोपी पकड़ा गया

गुना (आरएनआई) नानाखेड़ी मंडी गेट के पास सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने दिनदहाड़े पिस्टल से दनादन फायरिंग कर दी। घटना में वाहन दुकान संचालक बाल-बाल बच गया, जबकि गोली दुकान की दीवारों में जा धंसी। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार राधा कॉलोनी निवासी संजीव जैन की मंडी गेट के पास पुरानी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त की दुकान है। उन्होंने बताया कि एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर गाड़ी से आया और धमकी भरे अंदाज में चिल्लाते हुए बोला कि “आज तुझे बताता हूं…” और तुरंत पिस्टल निकालकर दो फायर कर दिए। दोनों गोलियां संजीव जैन को छूते हुए दीवार में जा लगीं। तीसरा फायर पिस्टल में ही अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

फायरिंग के बाद आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन संजीव जैन ने आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया और दुकान के शटर में बंद कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। बताया जा रहा है कि आरोपी छोटू बैरागी है, जिसका दो दिन पहले दुकान के कर्मचारी के एक्सीडेंट को लेकर विवाद हुआ था। उसी रंजिश के चलते उसने यह हमला किया।

फरियादी ने बताया कि आरोपी करीब 20 फीट की दूरी से गोली चला रहा था। घटना के बाद मौके से गोली के छर्रे भी बरामद कर पुलिस को सौंपे गए हैं। देर शाम तक कैंट थाना पुलिस आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने की कार्रवाई में जुटी रही। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User