खनन माफियाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज, लेकिन अवैध खनन करने वाली ट्रैक्टर ट्रॉली पुलिस की पकड़ से बाहर
पत्रकार पर हमला, ग्रामीणों ने बचाई जान
शाहजहांपुर (आरएनआई) तिलहर कोतवाली क्षेत्र में अवैध खनन रोकने पहुंचे पत्रकार पर खनन माफियाओं ने हमला कर दिया। ग्रामीणों की सूझबूझ से पत्रकार की जान बची, जबकि खनन में प्रयुक्त ट्रैक्टर ट्रॉली अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। इस घटना के बाद पत्रकारों में रोष व्याप्त है। ग्राम धन्यौरा निवासी पत्रकार उदयवीर सिंह, जो ‘बिजनौर टुडे’ हिंदी दैनिक समाचार पत्र में कार्यरत हैं, ने बताया कि उन्हें ग्रामीणों से अवैध मिट्टी खनन की शिकायत मिली थी। शिकायत पर वह गुरुवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे जन्यूरी गांव पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि निगोही की दिशा से एक ट्रैक्टर ट्रॉली मिट्टी से भरी हुई आ रही थी। ट्रॉली पर समीम पुत्र जलील निवासी डभौरा अपने तीन साथियों के साथ मौजूद था। जैसे ही उदयवीर सिंह ने अवैध खनन का वीडियो बनाना शुरू किया, समीम और उसके साथियों ने पत्रकार पर लात-घूंसों और डंडों से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह पत्रकार को बचाया। जाते-जाते हमलावरों ने पत्रकार को जान से मारने की धमकी भी दी। कुछ देर बाद आरोपी दोबारा लौटे और धमकाते हुए बोले बहुत बड़ा पत्रकार बनता है, तुझे जान से खत्म कर देंगे। घटना के बाद उदयवीर सिंह ने कोतवाली पहुंचकर कोतवाल राकेश कुमार सिंह को तहरीर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए समीम और तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर समीम को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, जिस ट्रैक्टर ट्रॉली से अवैध खनन किया जा रहा था, उसे अब तक पुलिस ने बरामद नहीं किया है। पत्रकार संगठनों ने ट्रॉली बरामद कर सीज करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि जब तक खनन में प्रयुक्त वाहन जब्त नहीं किया जाएगा, तब तक अवैध खनन और माफियाओं के हौसले बुलंद रहेंगे। पत्रकारों ने प्रशासन से सवाल उठाते हुए कहा कि जब पत्रकार ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा कैसे संभव है? मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गुंडे माफिया मुक्त उत्तर प्रदेश के दावे इस घटना में झूठे साबित हो रहे हैं। स्थानीय पत्रकारों ने चेतावनी दी है कि यदि ट्रैक्टर ट्रॉली को तत्काल बरामद कर सीज नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शेष आरोपियों व ट्रॉली की तलाश जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

