कृष्णा नगर में गंगाजल आपूर्ति ठप, अवैध निर्माण बना कारण; 15 दिनों से बिना पानी परेशान लोग
मथुरा (आरएनआई) कृष्णा नगर क्षेत्र में पिछले करीब 15 दिनों से मीठे पानी और गंगाजल की आपूर्ति पूरी तरह ठप होने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्युत अधिकारियों और ठेकेदारों द्वारा बिना स्वीकृत नक्शे के कराए गए कार्य के चलते यह गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई है, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
जानकारी के अनुसार, जल निगम के निर्धारित नक्शे के विपरीत गंगाजल की राइजिंग लाइन के ठीक ऊपर 11 हजार केवी का विद्युत टावर खड़ा कर दिया गया। इस निर्माण के दौरान राइजिंग लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में गंगाजल की सप्लाई बाधित हो गई है। हैरानी की बात यह है कि यह पूरा मामला कृष्णा नगर स्थित विद्युत कार्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर हुआ, फिर भी जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों ने समय रहते न तो जांच की और न ही रोकथाम के कोई प्रयास किए।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा अब तक राइजिंग लाइन को दुरुस्त करने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। परिणामस्वरूप, भीषण परेशानी के बीच लोग पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए तरस रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने शासन और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की जिम्मेदारी तय करने और जल आपूर्ति शीघ्र बहाल कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह स्पष्ट किया जाना जरूरी है कि जल निगम की राइजिंग लाइन के ऊपर 11 हजार केवी का टावर आखिर किस अनुमति से और कैसे खड़ा किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



