कांवड़ यात्रा में बाधा न आए, अफवाह फैलाने वालों पर हो सख्त कार्रवाई: बरेली समीक्षा बैठक में डीजीपी के निर्देश

Thursday, July 30, 2026 - 17:11
0
कांवड़ यात्रा में बाधा न आए, अफवाह फैलाने वालों पर हो सख्त कार्रवाई: बरेली समीक्षा बैठक में डीजीपी के निर्देश

बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने गुरुवार को बरेली के सर्किट हाउस में बरेली और मुरादाबाद मंडल की कांवड़ यात्रा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में दोनों मंडलों के नौ जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

समीक्षा बैठक के दौरान डीजीपी राजीव कृष्ण ने अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से तीसरे और चौथे सोमवार को अतिरिक्त चौकसी रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए।

डीजीपी ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर मांस और मदिरा की बिक्री प्रतिबंधित रहे तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। साथ ही अराजक तत्वों से कड़ाई से निपटने और शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।

बैठक में डीजे संचालन को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि डीजे संचालकों के साथ संवाद स्थापित कर ध्वनि स्तर और उपकरणों के आकार को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, नगर निकाय और अन्य संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं। उन्होंने प्रेस वार्ता के दौरान गंगा एक्सप्रेसवे का भी उल्लेख किया और प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की।

मुख्य सचिव और डीजीपी सुबह करीब 11 बजे हेलीकॉप्टर से बरेली पुलिस लाइन मैदान पहुंचे, जहां से वे सीधे सर्किट हाउस पहुंचे। बैठक में बरेली और मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर, एडीजी, आईजी और डीआईजी के अलावा बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, रामपुर और संभल के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा कांवड़ यात्रा और सावन माह की तैयारियों पर आधारित एक विस्तृत बुकलेट भी प्रस्तुत की गई, जिसमें सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं का विवरण शामिल था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User