कलेक्टर ने किया ग्राम पंचायत का दौरा, स्वच्छता व जनजागरूकता को लेकर दिए निर्देश
स्वास्थ्य स्थिति सामान्य, सतर्कता व सावधानी के लिए ग्रामीणों को किया जागरूक
गुना (आरएनआई) आज ग्राम पंचायत मुहाल कालोनी, बमोरी का दौरा कर कलेक्टर किशोर कन्याल ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। भ्रमण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई और स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि स्वच्छता न केवल बीमारियों से बचाव का माध्यम है, बल्कि यह एक स्वस्थ समाज की नींव भी है।
कलेक्टर श्री कन्याल ने सरपंच को निर्देश दिए कि ग्राम में सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान चलाया जाए। उन्होंने ग्रामीणों से कहा हाथ धोकर भोजन करना, उबला हुआ पानी पीना और नालियों की नियमित सफाई जैसे छोटे-छोटे उपायों से बड़ी बीमारियों से बचा जा सकता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी को भी यदि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर डॉक्टर से परामर्श लें। उन्होंने कहा, "हमारी सबसे बड़ी पूंजी हमारा स्वास्थ्य है। जब हम स्वस्थ होंगे तभी हम अपने परिवार और समाज की सेवा कर पाएंगे।"
भ्रमण के दौरान कुछ ग्रामीणों ने शिकायत की कि पानी की टंकी के पास कुछ लोगों द्वारा गंदगी फैलाई जा रही है। इस पर कलेक्टर ने तत्काल तहसीलदार को मौके पर जाकर निरीक्षण करने व आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, आयुष्मान कार्ड की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष रह गए लाभार्थियों के कार्ड शीघ्र बनवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। ग्रामवासियों ने बस स्टैंड क्षेत्र में अवैध कब्जे की जानकारी भी दी, जिस पर कलेक्टर ने तहसीलदार को निर्देशित किया मौके पर जाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों ने इस कार्य में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की सहमति भी जताई।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री कन्याल पठार मोहल्ला/आदिवासी बस्ती पहुँचे, जहाँ उन्होंने लोगों से बातचीत कर साफ-सफाई के महत्व को दोहराया तथा स्वच्छ भोजन व स्वच्छ पेयजल अपनाने की सलाह दी। उन्होंने यह भी बताया आगामी सप्ताह में गांव में एक शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे और ग्रामीणों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में क्षेत्र में हैजा फैलने की अफवाह फैली थी, लेकिन आज के निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ ऐसी कोई गंभीर स्थिति नहीं थी। केवल उल्टी-दस्त के कुछ सामान्य मामले सामने आए थे, और वर्तमान में सभी स्थिति सामान्य है।
इस अवसर पर एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पांडे, सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.आर. माथुर, सीईओ जनपद बमोरी, तहसीलदार देवदत्त गोलिया तथा जिला आपूर्ति अधिकारी अवधेश पांडे भी उपस्थित रहे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



