करैरा पहुंचे जिला जज, अधिवक्ताओं से की बात, काम पर लौटने की अपील

अधिवक्ता बोले, हम बैठकर आपस में करेंगे बात, कल लेंगे इस संबंध में निर्णय, दूसरे दिन भी जारी रही करैरा में वकीलों की हड़ताल

Wednesday, February 18, 2026 - 15:37
Updated: 8 months ago
0
करैरा पहुंचे जिला जज, अधिवक्ताओं से की बात, काम पर लौटने की अपील

शिवपुरी (आरएनआई) करैरा में 14 फरवरी को एक केस की पैरवी करने के लिए न्यायालय जाते समय अधिवक्ता संजय सक्सेना की सुपारी किलरों द्वारा गोली मारकर हत्या करने के मामले में सोमवार को प्रदेश भर के अधिवक्ताओं ने विरोध जताते हुए एडवोकेट प्रोटक्शन एक्ट की मांग को लेकर हड़ताल की थी। इसी क्रम में करैरा के अधिवक्ताओं ने करैरा एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप कर 20 फरवरी तक न्यायालयीन कार्य से विरक्त रहने की घोषणा की थी। इसी के चलते आज भी करैरा के अधिवक्ताओं ने न्यायालयीन कार्य नहीं किए। इस पर जिला जज राजेंद्र सोनी अधिवक्ताओं से मिलने और बात करने के लिए करैरा पहुंचे। उन्होंने अधिवक्ताओं से काम पर लौटने के संबंध में चर्चा की, परंतु अधिवक्ताओं ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की अपनी मांग पर जोर देते हुए 20 फरवरी तक काम पर न लौटने का निर्णय दोहराया। हालांकि लंबी चर्चा के बाद अधिवक्ताओं का कहना था कि वह बुधवार को बैठकर आपस में इस बात पर चर्चा करेंगे कि उन्हें काम पर लौटना चाहिए या फिर 20 फरवरी तक हड़ताल जारी रखनी चाहिए, इसके बाद ही वह कुछ स्पष्ट कर पाएंगे। 

बाक्स

स्थाई चौकी नहीं, तब तक तैनात रहेंगे सुरक्षा गार्ड

अधिवक्ताओं ने न्यायालय में पुलिस चौकी न होने के संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों और जिला जज के समक्ष मांग रखी थी। अधिवक्ताओं का कहना था कि न्यायालय परिसर में सुरक्षा के कोई इंतजाम नजर नहीं आते हैं। इस पर पुलिस, प्रशासन और न्यायालय के अधिकारियों ने आपस में चर्चा कर करैरा न्यायालय में गार्ड तैनात कर दिया। अब न्यायालय में उस समय तक गार्ड तैनात रहेंगे, जब तक कि काेई स्थाई चौकी नहीं बन जाती। 

बाक्स

वकील के घर पर भी तैनात किया गार्ड

अधिवक्ताओं ने ज्ञापन के दौरान दिवंगत वकील संजय सक्सेना के ग्राम सिंगदौआ स्थित घर पर रह रहे उनके स्वजनों को आरोपितों के परिवार से जान का खतरा बताते हुए उनकी सुरक्षा की मांग की थी। अधिवक्ताओं की मांग पर पुलिस ने वकील के घर पर भी गार्ड तैनात कर दिए हैं, जो उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं। 

बाक्स

इनका कहना है

-आज डीजे साहब करैरा आए थे हमसे बात कर काम पर लौटने के संबंध में आग्रह किया, हालांकि हमने फिलहाल इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया है। उनके द्वारा हमारी स्थानीय स्तर पर पूर्ण होने वाली मांगें मान ली हैं। न्यायालय और अभिभाषक के घर पर गार्ड तैनात कर दिए हैं। फरार आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। अब हम बुधवार को निर्णय लेंगे कि काम पर कब लौटना है। 

रामनरेश तिवारी

सचिव, अभिभाषक संघ करैरा

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User