'आउटसोर्स नीति से लीक हुआ नीट का पेपर, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही केंद्र सरकार' : जयवर्धन सिंह

Friday, June 26, 2026 - 16:54
Updated: 3 months ago
0
'आउटसोर्स नीति से लीक हुआ नीट का पेपर, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही केंद्र सरकार' : जयवर्धन सिंह

गुना(आरएनआई)मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने आज गुना में आयोजित "छात्रों की गूंज" अभियान के अंतर्गत प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली तथा लगातार हो रहे परीक्षा घोटालों को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है और केंद्र सरकार पूरी तरह जवाबदेही से बचने का प्रयास कर रही है।

जयवर्धन सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा में बार-बार सामने आ रही अनियमितताएं और पेपर लीक की घटनाएं कोई संयोग नहीं हैं, बल्कि सरकार की गलत नीतियों का प्रत्यक्ष परिणाम हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एनटीए ने परीक्षा प्रक्रिया के महत्वपूर्ण कार्य जैसे प्रश्नपत्र तैयार करना, प्रिंटिंग, परिवहन और परीक्षा केंद्रों के संचालन तक को निजी कंपनियों के हवाले कर दिया है। शिक्षा जैसी संवेदनशील व्यवस्था का इस प्रकार निजीकरण और आउटसोर्सिंग अंततः लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय साबित हुई है।

उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों से विभिन्न परीक्षाओं के नाम पर करोड़ों रुपये की फीस वसूलती है, लेकिन जब पेपर लीक होता है, परीक्षा रद्द होती है या दोबारा परीक्षा आयोजित करनी पड़ती है, तब छात्रों को मानसिक, आर्थिक और सामाजिक नुकसान की कोई भरपाई नहीं की जाती। लाखों परिवार वर्षों की मेहनत और अपनी जमा-पूंजी बच्चों की शिक्षा पर खर्च करते हैं, लेकिन सरकार उनकी पीड़ा के प्रति संवेदनशील नहीं है।

जयवर्धन सिंह ने एनटीए के अध्यक्ष प्रदीप जोशी की नियुक्ति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिनके कार्यकाल के दौरान पहले भी भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर गंभीर विवाद सामने आए, उन्हें इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में पारदर्शिता चाहती है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के भविष्य की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ रही है। इसी उद्देश्य से 25 जून से पूरे देश में "छात्रों की गूंज" अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के माध्यम से छात्रों की समस्याओं, पेपर लीक, भर्ती घोटालों, शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। अभियान का समापन 9 अगस्त को दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी की उपस्थिति में आयोजित विशाल छात्र-युवा सम्मेलन एवं प्रदर्शन के साथ होगा।

प्रेस वार्ता के दौरान जयवर्धन सिंह ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से उज्जैन में उनके परिवार से जुड़े कथित भूमि मामलों पर भी सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और मुख्यमंत्री पूरी तरह पारदर्शी हैं तो उन्हें स्वयं मीडिया के सामने आकर प्रदेश की जनता के सभी सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हर गंभीर मुद्दे पर चुप्पी साध लेती है, जबकि लोकतंत्र में जनता को जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी होती है।

जयवर्धन सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शिक्षा, रोजगार और युवाओं के अधिकारों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि देश का युवा केवल आश्वासन नहीं, बल्कि पारदर्शी व्यवस्था, निष्पक्ष परीक्षाएं और सुरक्षित भविष्य चाहता है। कांग्रेस छात्रों की इस आवाज़ को संसद से लेकर सड़क तक पूरी मजबूती से उठाएगी और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User