हरिद्वार: अभिनेत्री उर्मिला सनावर गिरफ्तार, पूर्व विधायक की बेटी ने लगाए 5 करोड़ की रंगदारी मांगने के आरोप
हरिद्वार। उत्तराखंड में अभिनेत्री उर्मिला सनावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर की शिकायत पर की गई। शिकायत में उर्मिला पर ब्लैकमेलिंग, रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उर्मिला सनावर ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए पांच करोड़ रुपये की मांग की। इसके अलावा रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बनाने और मांग पूरी नहीं होने पर परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का भी आरोप है। शिकायत के आधार पर हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उर्मिला सनावर के आवास पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस ने कथित घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया है। अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उर्मिला सनावर इससे पहले अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी ऑडियो को लेकर भी चर्चा में रही हैं। उन्होंने पूर्व विधायक सुरेश राठौर के साथ अपने संबंधों और इस मामले से जुड़े कई दावे सार्वजनिक किए हैं। हालांकि, ताजा मामले में उन पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)