UPSC CAPF में सहायक कमांडेंट पद पर चयनित हुए संजीव धाकड़, जयवर्धन सिंह ने निवास पहुंचकर किया सम्मान
राघौगढ़ (आरएनआई) राघौगढ़ विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 14, डोंगर निवासी संजीव धाकड़ का संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) परीक्षा में सहायक कमांडेंट पद पर चयन होने पर पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का वातावरण है। उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
पूर्व मंत्री एवं राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने संजीव धाकड़ के निवास पहुंचकर उन्हें एवं उनके परिजनों को इस उल्लेखनीय सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने श्री संजीव धाकड़ के दादाजी रामचरण धाकड़, पिता राधेश्याम धाकड़ सहित परिवार के सभी सदस्यों से भेंट कर उनका सम्मान किया और इस सफलता को पूरे क्षेत्र की उपलब्धि बताया।
जयवर्धन सिंह ने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग जैसी प्रतिष्ठित संस्था द्वारा आयोजित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना आसान नहीं होता। इसके लिए वर्षों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और दृढ़ संकल्प की आवश्यकता होती है। संजीव धाकड़ ने अपने परिश्रम और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो न केवल उनके परिवार बल्कि संपूर्ण राघौगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के दम पर राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। यह बदलते भारत की तस्वीर है, जहां गांवों से निकलकर युवा प्रशासनिक, सुरक्षा एवं अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं में अपनी पहचान बना रहे हैं। संजीव धाकड़ की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर हों तो किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।
राधौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने उपस्थित युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से देश सेवा का मार्ग प्रशस्त होता है। क्षेत्र के युवाओं को संजीव धाकड़ की सफलता से प्रेरणा लेते हुए अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सहायक कमांडेंट के रूप में संजीव धाकड़ देश की सुरक्षा एवं सेवा के दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे तथा भविष्य में भी अपने क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, समाजजन, युवा साथी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने संजीव धाकड़ को उनकी इस शानदार सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)