दिल्ली में बढ़ा स्वाइन फ्लू का असर, अस्पतालों में विशेष इंतजाम; आरएमएल में मरीज भर्ती
दिल्ली में एच1एन1 यानी स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकारी अस्पतालों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, वेंटिलेटर बेड, जांच की सुविधा और जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है। आरएमएल अस्पताल में स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीज भी भर्ती हैं।
दिल्ली के केंद्रीय सरकारी अस्पतालों में मरीजों के इलाज और निगरानी के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इनमें एम्स नई दिल्ली, सफदरजंग अस्पताल, राम मनोहर लोहिया अस्पताल और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और मौजूदा मरीजों के लिए संसाधन पर्याप्त हैं।
आरएमएल अस्पताल की जनसंपर्क अधिकारी वैशाली भारद्वाज ने बताया कि अस्पताल में एच1एन1 से संक्रमित भर्ती मरीजों की संख्या अभी इकाई अंक में है। मरीजों के उपचार और निगरानी के लिए निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर मरीजों के बेहतर प्रबंधन के लिए अलग क्षेत्र की व्यवस्था भी की गई है।
वहीं, सफदरजंग अस्पताल की जनसंपर्क अधिकारी साक्षी चुघ ने बताया कि स्वाइन फ्लू समेत मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए अस्पताल में जरूरी तैयारियां पूरी हैं। दवाओं के साथ उपचार और सहायक देखभाल की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षणों वाले मरीजों की जांच कर उनकी स्थिति के अनुसार इलाज की प्राथमिकता तय की जा रही है।
अस्पताल प्रशासन लगातार एच1एन1 के मामलों पर नजर रख रहा है। मरीजों की संख्या बढ़ने की स्थिति में उपलब्ध संसाधनों और उपचार व्यवस्था को उसी के अनुसार बढ़ाया जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)