यूपी: सीएम योगी ने 818 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- ग्रुप-3 व 4 भर्ती में इंटरव्यू सिस्टम किया समाप्त

Saturday, September 19, 2026 - 18:30
0
यूपी: सीएम योगी ने 818 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- ग्रुप-3 व 4 भर्ती में इंटरव्यू सिस्टम किया समाप्त

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ‘मिशन रोजगार’ के तहत प्रदेश में एक लाख नई नौकरियों का शुभारंभ करते हुए नवचयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगले छह महीनों में उत्तर प्रदेश के एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, समयबद्ध और मेरिट आधारित बनाने पर जोर दिया।

प्रदेश सरकार की ओर से उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की चयन प्रक्रिया के तहत विभिन्न विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग में अनुदेशक, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग में सहायक सांख्यिकीय अधिकारी, आयुष विभाग में प्रोफेसर, रीडर, लेक्चरर व फार्मासिस्ट तथा चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में एक्सरे टेक्नीशियन के पद शामिल हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रिया में विज्ञापन जारी होने से लेकर नियुक्ति पत्र वितरण तक की पूरी प्रक्रिया की समयबद्धता और मेरिट की समीक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले विज्ञापन जारी होते ही सिंडिकेट और गिरोह सक्रिय होकर वसूली के धंधे में लग जाते थे और इंटरव्यू प्रक्रिया इसमें एक और माध्यम बन जाती थी। उन्होंने कहा कि सरकार ने ग्रुप-3 और ग्रुप-4 की भर्ती में इंटरव्यू व्यवस्था समाप्त कर दी है।

सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने आधुनिक और पारंपरिक चिकित्सा व्यवस्था पर काम किया है। अब आयुष विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार देने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी और रविवार को भी करीब एक हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस में करीब 36 हजार और होमगार्ड में 41 से 42 हजार युवाओं की भर्ती की जाएगी। इनके मेडिकल और शारीरिक परीक्षण की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि अगले छह महीनों में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के परिणामों के माध्यम से 25 से 30 हजार युवाओं को नए अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग के माध्यम से भी 20 से 25 हजार युवाओं की भर्ती की जाएगी, जिसके परिणाम तीन से चार महीने में आने की उम्मीद है। वहीं, उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग की परीक्षाओं के बाद विभिन्न विभागों में 15 से 16 हजार युवाओं को नियुक्ति मिलने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User