जयपुर में CJP टीम पर हमले के बाद आशुतोष रांका की मांग, ‘हिंसा करने वालों को तुरंत गिरफ्तार करे सरकार’
जयपुर में CJP टीम पर हुए विवाद और कथित हमले के बाद संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने राजस्थान सरकार से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि हिंसा और हंगामा करने वालों को गिरफ्तार किया जाए और CJP की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर पर भी कार्रवाई हो।
आशुतोष रांका ने कहा कि जिन लोगों ने हंगामा किया और हिंसा को बढ़ावा दिया, उनके खिलाफ पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार को लगता है कि CJP की टीम की ओर से भी कोई गलत काम किया गया है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन इसके लिए ठोस सबूत होना जरूरी है।
रांका ने दावा किया कि घटना से जुड़े सबूत CJP के पास मौजूद हैं और इनमें से कुछ को सार्वजनिक भी किया जा चुका है। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
‘सरकारी स्कूलों की हालत सुधारना सरकार की जिम्मेदारी’
CJP प्रवक्ता ने कहा कि संगठन की मुख्य मांग राजस्थान के सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने की है। उन्होंने सरकार से अपील की कि विवाद और राजनीतिक बयानबाजी के बजाय स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर करने पर ध्यान दिया जाए।
रांका के मुताबिक CJP की दो प्रमुख मांगें थीं। पहली सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारना और दूसरी हिंसा तथा हंगामे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करना। उन्होंने कहा कि स्कूल को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाना एक कदम है, लेकिन हिंसा के मामले में कार्रवाई होना अभी बाकी है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार मामले में जल्द कार्रवाई करेगी, जिससे विवाद को समाप्त किया जा सके और सरकारी स्कूलों की व्यवस्था सुधारने पर ध्यान दिया जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)