NALSAR में CJI सूर्यकांत को कॉन्वोकेशन में बुलाने पर छात्रों का विरोध, बोले- ‘युवाओं को कॉकरोच कहने वाले के हाथ से डिग्री नहीं लेंगे’
हैदराबाद की नेशनल एकेडमी ऑफ लीगल स्टडीज एंड रिसर्च (NALSAR) यूनिवर्सिटी में कॉन्वोकेशन समारोह को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। विश्वविद्यालय ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत को समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया है। इस फैसले का 2026 बैच के कुछ छात्रों ने विरोध किया है।
छात्रों के एक समूह ने विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव, फैकल्टी और प्रशासन को पत्र भेजकर CJI सूर्यकांत को दिए गए निमंत्रण पर पुनर्विचार करने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि CJI के हालिया सार्वजनिक बयानों को लेकर उनकी आपत्तियां हैं और ऐसे में उन्हें कॉन्वोकेशन में मुख्य अतिथि बनाना उचित नहीं लगता।
छात्रों ने पत्र में CJI के कुछ कथित बयानों का हवाला देते हुए कहा कि युवाओं को ‘कॉकरोच’ कहने और पुलिस कार्रवाई से जुड़े वीडियो देखने का समय नहीं होने जैसे बयानों से उन्हें असंवेदनशीलता का अनुभव हुआ। छात्रों का कहना है कि ऐसे व्यक्ति के हाथों से डिग्री प्राप्त करना उनके लिए असहज होगा, क्योंकि डिग्री उनके शैक्षणिक और भावनात्मक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अपील की है कि उनकी आपत्ति को केवल कुछ छात्रों की व्यक्तिगत राय न माना जाए, बल्कि इसे ग्रेजुएट होने वाले छात्रों की साझा चिंता के रूप में देखा जाए। उन्होंने CJI को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने के फैसले पर दोबारा विचार करने का अनुरोध किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)