यमुना एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर: टायर बदल रहे दो युवकों को कैंटर ने रौंदा, दोनों की मौत; चार घायल
मथुरा। नौहझील थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। पहला हादसा रात करीब ढाई बजे माइलस्टोन 64.500 के पास हुआ, जहां टायर फटने के बाद सड़क किनारे खड़े कैंटर का टायर बदल रहे दो युवकों को पीछे से आए दूसरे कैंटर ने टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार नोएडा से आगरा की ओर जा रहे कैंटर का टायर फट गया था। उसमें सवार हरिपाल (40) निवासी गाजियाबाद और भीमसिंह (38) निवासी खिदाना, बागपत कैंटर से नीचे उतरकर टायर बदल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए दूसरे कैंटर ने दोनों को टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अंजीश कुमार और उपनिरीक्षक हरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी नौहझील पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में कैंटर चालक विश्वनाथ निवासी गाजियाबाद सुरक्षित रहा। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पहली दुर्घटना के करीब 300 मीटर आगे इसी कैंटर को पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में हनी गुप्ता निवासी बरुआ, हमीरपुर और दूसरी गाड़ी के परिचालक विशाल लोधी निवासी खादिया सातों, मुरैना घायल हो गए। दोनों को सीएचसी नौहझील में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)