पंजाब बंद के दौरान जालंधर में हंगामा, कार सवार को थप्पड़ मारने का आरोप; सड़क पर हुआ कीर्तन

Friday, August 21, 2026 - 18:05
0
पंजाब बंद के दौरान जालंधर में हंगामा, कार सवार को थप्पड़ मारने का आरोप; सड़क पर हुआ कीर्तन

कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से शुक्रवार को सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक पंजाब बंद का आह्वान किया गया। बंद के दौरान कई जगहों पर सड़कें और हाईवे रोके गए, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जालंधर के मकसूदां की सर्विस रोड पर रास्ता बंद करने को लेकर विवाद हो गया। बताया गया कि एक कार सवार व्यक्ति ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि उसकी पत्नी अस्पताल में डायलिसिस पर है और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचना है। उसने अस्पताल की पर्ची और डायलिसिस से जुड़े दस्तावेज भी दिखाए और रास्ता देने की अपील की।

इसी दौरान कार सवार और एक सिख व्यक्ति के बीच बहस हो गई। कार सवार का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद उसके साथ हाथापाई और थप्पड़बाजी की गई। सामने आए वीडियो और तस्वीरों में दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होती दिखाई दे रही है।

हंगामे के दौरान एक सिख व्यक्ति द्वारा अपने साथी से बरछा लेने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई। हालांकि, साथी ने उसे बरछा नहीं दिया। बाद में मौके पर मौजूद अन्य जत्थेबंदी के सदस्यों ने हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराया और कार सवार को वहां से जाने दिया।

सड़क पर हुआ शबद कीर्तन

बंद के दौरान जालंधर के गुरु नानक मिशन चौक समेत कई जगहों पर सिख संगठनों ने रास्ते रोककर शबद कीर्तन किया। प्रदर्शनकारियों ने बंद के जरिए अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया।

कौमी इंसाफ मोर्चा सजा पूरी कर चुके बंदी सिखों की रिहाई, जेल में बंद जगतार सिंह हवारा को कम से कम 10 दिन की पैरोल और 15 अगस्त को मोहाली-चंडीगढ़ सीमा पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में आंदोलन कर रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User