मथुरा-वृंदावन में बारिश से बिगड़े हालात, बांकेबिहारी मार्ग पर घुटनों तक भरा पानी; जन्माष्टमी की तैयारियों पर उठे सवाल
वृंदावन। मथुरा-वृंदावन में करीब एक घंटे हुई तेज बारिश ने उमस भरी गर्मी से तो राहत दी, लेकिन शहर की जलनिकासी और सफाई व्यवस्था की तस्वीर भी सामने ला दी। बारिश के बाद श्री बांकेबिहारी मंदिर के मुख्य मार्ग समेत कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। दूषित पानी के बीच श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचना पड़ा, जबकि जलभराव के कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
बारिश के बाद बांकेबिहारी मंदिर जाने वाले मार्ग पर हालात काफी खराब नजर आए। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। मथुरा दरवाजा क्षेत्र में पुलिस चौकी के सामने भारी जलभराव के कारण सड़क पर आवाजाही घंटों प्रभावित रही।
इसके अलावा दाऊजी तिराहा, सीएफसी चौराहा, गोपीनाथ बाजार, केसी घाट तिराहा, रंगजी बाजार, विद्यापीठ चौराहा, गांधी मार्ग और हरि निकुंज चौराहा समेत कई इलाकों में पानी भर गया। जलभराव के चलते वाहनों की रफ्तार थम गई और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन गई।
जन्माष्टमी से पहले हुए इस जलभराव ने शहर में श्रद्धालुओं की सुविधा और जलनिकासी को लेकर किए गए इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने वाले बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र में बारिश के बाद जलभराव ने स्थानीय प्रशासन और नगर निगम के सामने चुनौती बढ़ा दी है।
नगर निगम के जलकल महाप्रबंधक अनवर ख्वाजा ने बताया कि जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए तत्काल कदम उठाए गए हैं। शहर के पांच अति-संवेदनशील और संभावित जलभराव वाले स्थानों पर पंप सेट लगाए गए हैं। इन पंपों के जरिए सड़कों पर जमा पानी को तेजी से निकालने का काम लगातार जारी है।
बारिश के बाद जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं जलभराव ने वृंदावन की जलनिकासी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)