रांची में कोचिंग संस्थानों पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, पांच संस्थान सील; 18 और पर कार्रवाई की तैयारी
रांची। विद्यार्थियों की सुरक्षा और कोचिंग संस्थानों में निर्धारित भवन एवं अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर रांची नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। विशेष जांच अभियान के तहत नगर निगम की टीम ने बुधवार को हरिओम टावर में संचालित पांच कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
नगर निगम की टीमें शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरियों का निरीक्षण कर रही हैं। इस दौरान फायर एनओसी, अग्निशमन उपकरण और आग से बचाव की व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा मानक, पर्याप्त वेंटिलेशन, सुरक्षित प्रवेश एवं निकास मार्ग, विद्यार्थियों की क्षमता के अनुरूप नामांकन, उपलब्ध स्थान, ट्रेड लाइसेंस तथा भवन से जुड़े अन्य मानकों की जांच की जा रही है।
हरिओम टावर में पांच संस्थानों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान हरिओम टावर में संचालित द पाठशाला, पतंजलि आईएएस एकेडमी, मोशन एकेडमी, क्लैट प्रिपरेशन और चौतन्या आईएएस एकेडमी के खिलाफ कार्रवाई की गई। नगर निगम ने इन पांचों संस्थानों को नियमानुसार सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान निर्धारित वैधानिक प्रावधानों और भवन उपविधियों के अनुपालन में कमियां सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान जिन संस्थानों में सुरक्षा और भवन मानकों से जुड़ी कमियां पाई जा रही हैं, उन्हें नियमों के अनुरूप व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। वहीं गंभीर अनियमितता पाए जाने पर सीलिंग सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
18 और संस्थानों पर कार्रवाई की तैयारी
नगर निगम ने 18 अन्य कोचिंग संस्थानों के खिलाफ भी सीलिंग की कार्रवाई प्रस्तावित की है। इन संस्थानों के दस्तावेजों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच तथा सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि जांच अभियान किसी विशेष संस्था को निशाना बनाने के लिए नहीं, बल्कि कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। निगम का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)