हिमाचल में बारिश का असर: 91 सड़कें बंद, 60 बिजली ट्रांसफार्मर ठप; मंडी-कुल्लू सबसे ज्यादा प्रभावित
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की 27 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 91 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा 60 बिजली वितरण ट्रांसफार्मर बाधित हैं और चार पेयजल योजनाओं पर भी असर पड़ा है। हालांकि किसी भी राष्ट्रीय राजमार्ग के बंद होने की सूचना नहीं है।
बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में मंडी और कुल्लू शामिल हैं। मंडी में 33 सड़कें बंद हैं, जबकि 22 बिजली ट्रांसफार्मर बाधित हैं। कुल्लू जिले में 20 सड़कें बंद बताई गई हैं। वहीं मनाली उपमंडल में अकेले 30 सड़कें प्रभावित हैं।
शिमला जिले में 14 सड़कें बंद हैं। इनमें जुब्बल की 11, रामपुर, चौपाल और सुन्नी की एक-एक सड़क शामिल है। शिमला के चौपाल में एक बिजली ट्रांसफार्मर और एक पेयजल योजना भी प्रभावित हुई है।
कांगड़ा में सात सड़कें बंद हैं और तीन बिजली ट्रांसफार्मर तथा एक पेयजल योजना प्रभावित हुई है। चंबा में भी कई संपर्क मार्गों पर आवाजाही प्रभावित है और चार बिजली ट्रांसफार्मर बाधित बताए गए हैं। सिरमौर के नाहन क्षेत्र में सात सड़कें बंद हैं।
इसके अलावा ऊना में चार, हमीरपुर के नादौन क्षेत्र में दो और लाहौल-स्पीति के उदयपुर क्षेत्र में एक सड़क बंद है। बारिश के कारण स्थानीय और संपर्क मार्गों पर सबसे अधिक असर देखने को मिल रहा है।
प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, बिजली और पेयजल सेवाओं को बहाल करने के लिए काम कर रहे हैं। लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और प्रभावित मार्गों पर अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)