भारतीय क्षेत्र में अतिक्रमण के दावे पर घिरे नेपाल के PM बालेन शाह, 26 अगस्त को संसद में विपक्ष करेगा सवालों की बौछार

Tuesday, August 18, 2026 - 12:21
0
भारतीय क्षेत्र में अतिक्रमण के दावे पर घिरे नेपाल के PM बालेन शाह, 26 अगस्त को संसद में विपक्ष करेगा सवालों की बौछार

काठमांडू। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 26 अगस्त को प्रतिनिधि सभा में सांसदों के सवालों का सामना करेंगे। लंबे समय से विपक्ष उनके 31 मई के उस बयान पर स्पष्टीकरण की मांग कर रहा है, जिसमें उन्होंने नेपाल की ओर से भारतीय क्षेत्र में ‘अतिक्रमण’ किए जाने की बात कही थी।

प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष डोल प्रसाद आर्याल ने सोमवार को सदन को बताया कि प्रधानमंत्री के साथ सीधे सवाल-जवाब का सत्र 26 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। यह सत्र प्रतिनिधि सभा नियमावली 2026 के अध्याय-9 के तहत निर्धारित किया गया है। इस दौरान सदन में मौजूद प्रत्येक राजनीतिक दल से कम से कम एक सांसद प्रधानमंत्री से सवाल पूछ सकेगा। अध्यक्ष ने सांसदों से अपने प्रश्न संक्षिप्त और स्पष्ट रखने की अपील की है।

प्रधानमंत्री शाह के संसद में जवाब देने का फैसला ऐसे समय हुआ है जब विपक्ष लगातार उनके बयान पर स्पष्टीकरण मांग रहा है। 31 मई को संसद में अपने पहले संबोधन के दौरान शाह ने कहा था कि उन्हें जानकारी मिली है कि नेपाल ने भारत के क्षेत्र में भी ‘अतिक्रमण’ किया है।

बयान के बाद विपक्षी सांसदों ने प्रधानमंत्री से पूछा कि यदि नेपाल की ओर से भारतीय क्षेत्र में अतिक्रमण किया गया है तो इसके प्रमाण क्या हैं। विपक्ष का कहना है कि प्रधानमंत्री को या तो अपने दावे के समर्थन में तथ्य पेश करने चाहिए या फिर बयान को स्पष्ट करना चाहिए।

लगातार उठ रहे सवालों के बीच प्रतिनिधि सभा अध्यक्ष डोल प्रसाद आर्याल ने प्रधानमंत्री से सदन में जवाब देने को कहा। संसद सचिवालय के अनुसार, प्रधानमंत्री से उनके अधिकार क्षेत्र और सदन में उठाए गए महत्वपूर्ण मुद्दों पर जवाब मांगा गया है।

नेपाल के विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री के बयान के बाद सफाई देते हुए कहा था कि शाह की टिप्पणी दोनों देशों के बीच ‘नो-मैन्स लैंड में अतिक्रमण’ और ‘सीमा पार कब्जे’ से संबंधित थी। मंत्रालय के अनुसार, इसे किसी भारतीय क्षेत्र पर नेपाल के औपचारिक दावे के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

इसके बावजूद विपक्ष प्रधानमंत्री से सीधे सदन में स्पष्टीकरण की मांग करता रहा। अब 26 अगस्त को होने वाला प्रश्नोत्तर सत्र इस पूरे विवाद पर प्रधानमंत्री शाह का आधिकारिक पक्ष सामने आने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User