नेपाल बाढ़: सुरंग में फंसे लोगों को बचाने का अभियान तेज, त्रासदी से बचे 21 भारतीय काठमांडू पहुंचे
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। कई इलाकों में लोग अब भी फंसे हुए हैं, जबकि बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के नागरिकों की तलाश के लिए अभियान जारी है।
सुरंग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं। इस बीच आपदा से सुरक्षित बचे 21 भारतीय नागरिक काठमांडू पहुंच गए हैं। भारतीय वायुसेना का विमान भी राहत और बचाव अभियान में मदद कर रहा है।
नेपाल से सटे बिहार और उत्तर प्रदेश के इलाकों में भी प्रशासन अलर्ट पर है। संवेदनशील क्षेत्रों और नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि नेपाल में आई बाढ़ का असर सीमावर्ती भारतीय इलाकों में बढ़ने पर समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने नेपाल की स्थिति को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री से बातचीत की है और भारत की ओर से हरसंभव मदद दी जा रही है।
वहीं कांग्रेस नेता टी. एस. सिंह देव ने नेपाल में आई आपदा को बड़ी मानवीय त्रासदी बताया। उन्होंने कहा कि नदी और जलमार्गों के किनारे रहने वाले लोगों को खतरे की स्थिति में पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने भारत और नेपाल के बीच संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान चलाने और नेपाल को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की जरूरत पर जोर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)