NDA को मिला जनादेश, पीएम मोदी बोले—“बिहार की जनता ने गर्दा उड़ा दिया”

Friday, November 14, 2025 - 21:17
0
NDA को मिला जनादेश, पीएम मोदी बोले—“बिहार की जनता ने गर्दा उड़ा दिया”

पटना/नई दिल्ली (आरएनआई)। बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों ने एक बार फिर एनडीए की वापसी तय कर दी है। शुरुआती दौर से ही एनडीए लगातार बढ़त बनाए हुए है और महागठबंधन के उम्मीदवार कई सीटों पर पिछड़ते नज़र आ रहे हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की जनता ने विकास और सुशासन के पक्ष में फैसला सुनाते हुए “गर्दा उड़ा दिया है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह वही बिहार है, जहां कभी माओवादी और नक्सली आतंक के कारण मतदान दोपहर तीन बजे तक ही समाप्त हो जाता था। लेकिन इस बार लोगों ने निर्भीक होकर रिकॉर्ड मतदान किया है। उन्होंने कहा कि जंगलराज के दौर में मतपेटियों की खुलेआम लूट होती थी, जबकि आज बिहार लोकतंत्र की मजबूती का उदाहरण बन चुका है। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि बिहार की जनता ने यह साबित कर दिया है कि “झूठ हारता है और जनविश्वास जीतता है।”

भाजपा मुख्यालय में अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार की धरती, जो लोकतंत्र की जननी कहलाती है, उसने लोकतंत्र पर हमला करने वाली ताकतों को धूल चटा दी है। उन्होंने कहा कि जनता ने साफ संदेश दिया है कि “जमानत पर चलने वाले लोगों का साथ अब बिहार नहीं देगा।”

जदयू नेता केसी त्यागी ने भी जदयू के प्रदर्शन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पार्टी 80 से अधिक सीटें जीतकर अपनी पिछली स्थिति में लौट रही है। उन्होंने नीतीश कुमार को सुशासन का पर्याय बताते हुए कहा कि जदयू और नीतीश कुमार का रिश्ता बिहार की राजनीतिक पहचान है।

वहीं एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सीमांचल में अपनी पार्टी को मिली सफलता पर जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनादेश सम्मानपूर्वक स्वीकार किया जाएगा और उनकी पार्टी सीमांचल के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।

पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि युवा मतदाता अब मतदाता सूची के शुद्धिकरण (SIR) को गंभीरता से ले रहा है, और बिहार के युवाओं ने इसे मजबूती से समर्थन देकर एक नई दिशा दिखाई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक राजनीतिक दल को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बूथ स्तर पर मतदाता सूची को सही रखने का अभियान पूरी निष्ठा से चलाया जाए।

लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने चुनाव परिणामों को जनता का विश्वास करार देते हुए कहा कि बिहार ने सही समय पर सही फैसला किया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ईमानदारी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रही है, जबकि महागठबंधन अहंकार में डूबा हुआ दिखाई दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि यह जीत सिर्फ एनडीए की नहीं, बल्कि भारत के लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली जनता की जीत है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी समय में बिहार का विकास और तेज़ होगा, यहां का इंफ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ होगा और महिला एवं युवा शक्ति को नए अवसर मिलेंगे।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User