हिमाचल में बड़ा सड़क हादसा टला: ब्रेक फेल होने पर ढांक से टकराई HRTC बस, 60-70 यात्री थे सवार
कुल्लू के भेखली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस हादसे का शिकार हो गई। ब्यासर से कुल्लू की ओर आ रही बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाकर बस को सड़क किनारे ढांक से टकराकर रोक दिया, जिससे बस गहरी खाई में गिरने से बच गई।
हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे ब्यासर रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन के चलते बस में करीब 60 से 70 यात्री सवार थे और काफी भीड़ थी। रास्ते में अचानक ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने बस को नियंत्रित करने की कोशिश की और उसे ढांक की ओर मोड़ दिया। टक्कर के बाद बस रुक गई और बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने राहत और बचाव कार्य में मदद की। हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल पहुंचाया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे वाली जगह के पास गहरी ढांक है। ऐसे में अगर बस चालक समय रहते वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाता तो हादसा गंभीर हो सकता था। चालक की सूझबूझ से बस खाई में गिरने से बच गई। घटना की सूचना मिलने के बाद घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)