इंदौर: अगस्त के सूखे के बाद जन्माष्टमी पर रातभर राहत की फुहारें, 25 दिन में चाहिए 18 इंच बारिश
इंदौर। अगस्त में बारिश की कमी से जूझ रहे इंदौर में सितंबर की शुरुआत राहत लेकर आई है। गुरुवार आधी रात के बाद से शहर में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। जन्माष्टमी के दिन शुक्रवार सुबह कई इलाकों में तेज बारिश हुई, हालांकि बाद में इसकी रफ्तार कुछ कम हो गई। सुबह तक शहर में करीब आधा इंच बारिश दर्ज की जा चुकी थी।
इस सीजन में इंदौर में अब तक 19 इंच से अधिक बारिश दर्ज हुई है। हालांकि सीजन का बारिश कोटा पूरा करने के लिए शहर को अभी करीब 18 इंच और पानी की जरूरत है। मौसम विशेषज्ञों ने आने वाले दिनों में इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है, जिससे बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी होने की उम्मीद है।
अगस्त में केवल 2 इंच बारिश
अगस्त का महीना इंदौर के लिए बेहद सूखा रहा। पूरे महीने में शहर में करीब 2 इंच ही बारिश दर्ज की गई। इससे सीजन की कुल बारिश सामान्य आंकड़े से पीछे रह गई। अब सितंबर में मौसम के बदले मिजाज ने शहरवासियों को अच्छी बारिश की उम्मीद दी है। जिले में मानसून सीजन के करीब 25 दिन अभी बाकी हैं।
सितंबर में रिकॉर्ड बारिश का इतिहास
इंदौर में सितंबर के दौरान अच्छी बारिश का इतिहास रहा है। शहर में सितंबर महीने की सबसे ज्यादा बारिश का ऑल टाइम रिकॉर्ड वर्ष 1954 में दर्ज हुआ था, जब पूरे महीने करीब 30 इंच बारिश हुई थी। वहीं 20 सितंबर 1987 को महज 24 घंटे में करीब पौने 7 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई थी।
ऐसे में सितंबर के बचे दिनों में यदि मानसून सक्रिय रहता है तो इंदौर में बारिश की कमी काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है। फिलहाल जन्माष्टमी पर हुई बारिश ने अगस्त की बेरुखी के बाद शहर को राहत जरूर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)