हिमाचल में कर्मचारियों-पेंशनरों को एरियर का तोहफा, सीएम सुक्खू ने स्वतंत्रता दिवस पर कीं कई बड़ी घोषणाएं
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कर्मचारियों, पेंशनरों, स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य वर्गों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। बड़सर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद प्रदेशवासियों को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को इसी महीने 20 फीसदी अतिरिक्त एरियर का भुगतान किया जाएगा, जबकि पेंशनरों को 35 फीसदी अतिरिक्त एरियर जारी किया जाएगा। पारिवारिक पेंशनरों के लिए भी राहत की घोषणा की गई है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में एनएचएम के सात वर्ष पूरे कर चुके कर्मचारियों को 1 अप्रैल से संशोधित वेतनमान का लाभ मिलेगा। वहीं आउटसोर्स स्टाफ नर्स और पैरा मेडिकल कर्मियों को सितंबर से 25 हजार रुपये तथा डाटा एंट्री ऑपरेटर को 18 हजार रुपये संशोधित वेतन दिया जाएगा।
सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकार नई स्वास्थ्य बीमा नीति लागू करेगी, जिसके तहत गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने आने वाले समय में 100 पंचायतों को ग्रीन पंचायत बनाने, वन मित्रों का वेतन 1200 रुपये करने और विभिन्न विभागों में हजारों पद भरने की घोषणा की। 1975 सरकारी स्कूलों में चौकीदारों के एक-एक पद भरने की भी बात कही गई।
इसके अलावा जल शक्ति विभाग में 400 पद भरे जाएंगे। हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश का पहला समर्पित साइंस कॉलेज स्थापित किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 100 करोड़ रुपये बताई गई है। मल्टी टास्क वर्करों और आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नीति बनाने पर भी सरकार विचार कर रही है।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया। मार्चपास्ट में पुलिस, होमगार्ड, विभिन्न सुरक्षा बलों और स्कूल-कॉलेजों की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में देशभक्ति और लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया और लाभार्थियों को चेक वितरित किए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)