उमर अब्दुल्ला ने पाकिस्तान को घेरा, बोले- ‘ये हमारी नदियां हैं, पानी पर पहला हक हमारा’
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सिंधु जल संधि को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की नदियों और जल संसाधनों पर सबसे पहला हक यहां के लोगों का होना चाहिए।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान खुद को कश्मीरियों का हमदर्द बताता है, लेकिन जब जम्मू-कश्मीर की नदियों के पानी की बात आती है तो उसकी सहानुभूति खत्म हो जाती है। उन्होंने कहा, “ये हमारी नदियां हैं और इन पर पहला हक हमारा होना चाहिए।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंधु जल संधि के कारण जम्मू-कश्मीर को लंबे समय से अपने जल संसाधनों का पूरी तरह इस्तेमाल करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि संधि के तहत जम्मू-कश्मीर की तीन प्रमुख नदियों का पानी पाकिस्तान की ओर चला गया, जबकि यहां के लोगों को इसका पर्याप्त लाभ नहीं मिल सका।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि चिनाब नदी से पेयजल की जरूरत पूरी करने और झेलम नदी पर तुलबुल परियोजना जैसी योजनाओं के विकास में भी संधि के कारण बाधाएं आईं। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को फिलहाल स्थगित किया है और इसे आगे भी समाप्त रखा जाना चाहिए, ताकि जम्मू-कश्मीर अपने जल संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर सके।
सुखबीर बादल पर हमले की निंदा
उमर अब्दुल्ला ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी व्यक्ति पर हमला स्वीकार्य नहीं है। अगर किसी को किसी नेता से शिकायत है तो उसका जवाब चुनाव के माध्यम से दिया जाना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)