बाबा नीब करौरी की जन्मस्थली को लेकर विवाद, छह पोतियों ने डीएम से की मकान खाली कराने की मांग
फिरोजाबाद के टूंडला स्थित अकबरपुर में बाबा नीब करौरी की जन्मस्थली को लेकर विवाद सामने आया है। बाबा नीब करौरी के छोटे बेटे धर्म नारायण शर्मा की छह बेटियों ने जिलाधिकारी को पत्र देकर उनके पैतृक मकान को श्री ठाकुर हनुमानजी ट्रस्ट से मुक्त कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी पैतृक संपत्ति पर कब्जा किया गया है और इसे खाली कराया जाए।
छहों पोतियों ने प्रशासन के सामने इस संपत्ति के संबंध में अपना पक्ष रखते हुए मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने जन्मस्थली के संरक्षण और प्रबंधन के लिए प्रशासनिक स्तर पर ट्रस्ट बनाए जाने का प्रस्ताव भी रखा है।
बाबा नीब करौरी, जिनका मूल नाम लक्ष्मी नारायण शर्मा बताया जाता है, का जन्म अकबरपुर में हुआ था। उनके माता-पिता के दो बेटे अनेक सिंह शर्मा और धर्म नारायण शर्मा थे। उनकी एक बेटी गिरजा भटेले भी हैं, जो आगरा में रहती हैं।
धर्म नारायण शर्मा के कोई पुत्र नहीं था। उनकी छह बेटियां सुनीता शर्मा, अर्चना शर्मा, वंदना शर्मा, भावना रावत, रितु तिवारी और रिचा रावत हैं। ये सभी अलग-अलग शहरों में रहती हैं।
बीते 14 अगस्त को छहों बहनें अपनी मां की पुण्यतिथि मनाने अकबरपुर पहुंची थीं। इसी दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। बताया गया है कि 21 अगस्त को पत्र को विधिवत रूप से दर्ज कराया गया।
मामले को लेकर जिलाधिकारी ने कहा है कि सभी संबंधित पक्षों के साथ बैठक की जाएगी। संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच के बाद मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन की जांच के बाद ही जन्मस्थली से जुड़े दावों और संपत्ति के प्रबंधन को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)