बिहार: दारोगा भर्ती को लेकर पटना में बवाल, बैरिकेड तोड़ सीएम आवास की ओर बढ़े छात्र
पटना: बिहार में दारोगा भर्ती, बीपीएससी 70वीं परीक्षा और बीएसएससी समेत 13 सूत्री मांगों को लेकर प्रतियोगी अभ्यर्थियों ने मंगलवार को पटना में जोरदार प्रदर्शन किया। गांधी मैदान से राजभवन मार्च के लिए निकले छात्रों को जेपी गोलंबर के पास पुलिस और सीआरपीएफ ने रोक दिया। बैरिकेडिंग के बावजूद कुछ छात्र उस पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही।
पुलिस की रोक के बाद कुछ प्रदर्शनकारी एग्जीबिशन रोड के रास्ते डाक बंगला चौराहे की ओर बढ़ने लगे। यहां भी पुलिस ने बैरिकेडिंग कर छात्रों को रोक दिया। प्रदर्शन को देखते हुए जेपी गोलंबर और डाक बंगला चौराहे समेत आसपास के इलाकों में पुलिस बल और सीआरपीएफ की तैनाती की गई।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का आरोप है कि 1,799 पदों पर हुई दारोगा भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी हुई थी। मामले की जांच आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) कर रही है, लेकिन अब तक परीक्षा रद्द नहीं की गई है। छात्रों की मांग है कि जब परीक्षा में अनियमितताओं की जांच चल रही है तो परीक्षा रद्द कर दोबारा कराई जाए।
अभ्यर्थियों ने बीपीएससी 70वीं परीक्षा को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई, लेकिन इसके बावजूद इसे रद्द नहीं किया गया। इसके अलावा छात्रों ने बीएसएससी की परीक्षा आयोजित नहीं होने का मुद्दा भी उठाया।
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने सरकार से अपनी सभी 13 मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)