अमेरिका जाने से पहले रिटायर्ड ईई के घर में बड़ी चोरी, चौकीदार को बंधक बनाकर बदमाशों ने उड़ाए जेवर और नकदी

Wednesday, September 2, 2026 - 17:17
Updated: 2 days ago
0
अमेरिका जाने से पहले रिटायर्ड ईई के घर में बड़ी चोरी, चौकीदार को बंधक बनाकर बदमाशों ने उड़ाए जेवर और नकदी

गुना। शहर की पॉश सिसौदिया कॉलोनी में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात बदमाशों ने जल संसाधन विभाग के सेवानिवृत्त कार्यपालन यंत्री श्रीकृष्ण राजौरिया के सूने मकान को निशाना बनाया। लोहे की रॉड और गुलेल से लैस बदमाशों ने घर की सुरक्षा में तैनात चौकीदार बृजेंद्र लोधा को बंधक बनाया और बेडरूम का ताला तोड़कर चांदी के जेवरात, पुरानी घड़ियां, कैमरा और नकदी चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।

अमेरिका जाने से पहले भोपाल पहुंचे थे रिटायर्ड ईई

सिसौदिया कॉलोनी निवासी श्रीकृष्ण राजौरिया मंगलवार दोपहर बाद गुना से भोपाल रवाना हुए थे। वहां से उन्हें अपने बेटे के पास अमेरिका जाना था और उनकी फ्लाइट पहले से आरक्षित थी। घर की सुरक्षा के लिए उन्होंने गांव से चौकीदार बृजेंद्र लोधा को बुलाया था, जो करीब 15-20 वर्षों से उनके यहां चौकीदारी कर रहा है।

रात करीब 4:30 बजे चौकीदार ने फोन कर मकान में चोरी होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही राजौरिया ने अपनी अमेरिका यात्रा स्थगित कर दी और बुधवार सुबह गुना लौट आए। घर पहुंचने पर बेडरूम का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ था।

चौकीदार को बंधक बनाकर तोड़ा मकान का ताला

चौकीदार बृजेंद्र लोधा के अनुसार, रात करीब 3:45 से 4:15 बजे के बीच वह पानी पीने के लिए उठा था। इसी दौरान उसे दो अज्ञात बदमाश दिखाई दिए। उसके चिल्लाने पर दोनों ने उसे पकड़ लिया। आरोपियों के हाथ में लोहे की रॉड और गुलेल थी। उन्होंने धमकाकर चौकीदार के हाथ-पैर बांध दिए।

इसके बाद बदमाशों ने मकान के पीछे का गेट तोड़ा और अंदर घुसकर बेडरूम का ताला तोड़ दिया। घर में रखे सामान को खंगालने के बाद वे चोरी का माल लेकर फरार हो गए।

चांदी के जेवर, घड़ियां, कैमरा और नकदी चोरी

मकान मालिक के अनुसार, बदमाश करीब 250 से 300 ग्राम वजन के पुराने चांदी के जेवरात, कीमती पुरानी घड़ियां, एक कैमरा और लगभग 10 से 15 हजार रुपये नकद ले गए। सुबह करीब 5:30 बजे किराएदार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की तलाश

चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। रिटायर्ड ईई ने सीसीटीवी की डीवीआर और लिखित शिकायत सिटी कोतवाली पुलिस को सौंप दी है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।

पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के साथ ही सिसौदिया कॉलोनी में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User