अमृतसर में एएसआई की गोली मारकर हत्या, देर रात गश्त के दौरान अज्ञात हमलावरों ने किया हमला
अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में गुरुवार देर रात ड्यूटी पर तैनात पंजाब पुलिस के एएसआई हरजीत सिंह की गोली लगने से मौत हो गई। वह थाना गेट हकीमां में तैनात थे और रात करीब 2:30 बजे दाना मंडी के पास मोटरसाइकिल से गश्त कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी।
फायरिंग में एएसआई हरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और संबंधित थाने की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया। हमलावरों की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच तेज कर दी है।
एएसआई की मौत पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनके परिवार के लिए एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। एचडीएफसी बैंक की ओर से भी परिवार को एक करोड़ रुपये का अतिरिक्त बीमा भुगतान किए जाने की जानकारी दी गई है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि शहीद एएसआई को पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)