ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, सिर धड़ से हुआ अलग, इंदौर में काम करता था युवक
शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत पगारा और बेहटा गांव के बीच गत शाम एक दुखद रेल हादसा सामने आया है। यहां एक 25 वर्षीय युवक की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में युवक का सिर धड़ से अलग हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कैंट थाना पुलिस और रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
अज्ञात व्यक्ति के फोन से परिजनों को मिली हादसे की खबर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, म्याना तहसील के ग्राम उकावद निवासी 25 वर्षीय बसंत रजक पुत्र महेंद्र रजक पिछले छह-सात महीनों से इंदौर में रहकर काम करता था। गत शाम करीब 7 बजे जब बसंत की भाभी कृष्णा बाई ने उसे फोन लगाया, तो उसका मोबाइल किसी अनजान व्यक्ति ने उठाया। उस व्यक्ति ने परिजनों को सूचना दी कि बसंत पगारा के आगे पेट्रोल पंप के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से कट गया है और उसका शव पगारा-बेहटा के बीच पड़ा हुआ है।
रेलवे ट्रैक के पास मिला शव
हादसे की खबर मिलते ही मृतक का चचेरा भाई सतीश रजक और भाई मनीष रजक तत्काल मौके पर पहुंचे। पगारा के आगे रेलवे ट्रैक पर पोल नंबर 1078/15 के पास बसंत का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा हुआ था और उसका सिर कटकर अलग हो चुका था। मौके पर कैंट पुलिस और रेलवे पुलिस पहले से मौजूद थी। इसके बाद पुलिस और परिजनों की मदद से शव को जिला अस्पताल गुना की मर्चुरी में रखवाया गया। घटना के संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को कैंट पुलिस ने जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)