मोती बाग के सत्य निकेतन में चार मंजिला इमारत ढही, हादसे में पांच लोगों की मौत
नई दिल्ली। दिल्ली में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच सत्य निकेतन इलाके में एक चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे की सूचना रविवार दोपहर करीब 1:33 बजे पुलिस और दमकल विभाग को मिली। बताया जा रहा है कि इमारत में हॉस्टल संचालित हो रहा था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। एम्स के जेपीएन एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में कुल 10 मरीज पहुंचाए गए। इनमें चार लोगों को अस्पताल लाने के समय ही मृत घोषित कर दिया गया था, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई।
अस्पताल के अनुसार, हादसे में घायल तीन मरीजों को भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है। इनमें से एक मरीज के हाथ-पैर की सर्जरी की गई है। एक अन्य घायल को मामूली चोटें थीं और जांच के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके अलावा एक घायल को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर बातचीत कर घटनास्थल की स्थिति और घायलों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर बात कर राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली तथा हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हादसे की जांच कराई जाएगी और जो भी व्यक्ति इसके लिए दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
हादसे के बाद इमारत के निर्माण, उसकी सुरक्षा व्यवस्था और बारिश के बीच ढहने के कारणों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)