15 लाख बच्चों की 65 लाख किताबें अब तक नहीं छपीं, जीतू पटवारी ने सरकार पर साधा निशाना

Sunday, August 23, 2026 - 17:09
Updated: 2 months ago
0
15 लाख बच्चों की 65 लाख किताबें अब तक नहीं छपीं, जीतू पटवारी ने सरकार पर साधा निशाना

भोपाल। मध्य प्रदेश में स्कूली बच्चों की पाठ्यपुस्तकों की छपाई में देरी को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। पटवारी ने दावा किया कि प्रदेश के करीब 15 लाख बच्चों के लिए 65 लाख किताबें अब तक नहीं छप सकी हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है।

पटवारी के मुताबिक, मई 2026 में किताबों की छपाई के लिए मांग भेजी गई थी और 17 जून को टेंडर प्रक्रिया पूरी हुई। इसके बावजूद वर्क ऑर्डर जारी करने में देरी को लेकर उन्होंने सरकार से जवाब मांगा है।

उन्होंने कहा कि पांचवीं कक्षा के सभी विषयों तथा सातवीं कक्षा की गणित और सामाजिक विज्ञान की किताबें अब तक अटकी हुई हैं। पटवारी का कहना है कि यदि अब वर्क ऑर्डर जारी भी किया जाता है, तो किताबों की छपाई और स्कूलों तक पहुंचने में करीब तीन महीने लग सकते हैं।

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ाई से ज्यादा महत्वपूर्ण आखिर कौन-सा काम है। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 लाख बच्चों की किताबों में हो रही देरी सरकार की प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है।

कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए जल्द से जल्द किताबों की छपाई और विद्यार्थियों तक उनके वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User