“हमारा राज्य अहंकार के आगे नहीं झुकेगा”: तमिलनाडु के सीएम स्टालिन का अमित शाह पर तीखा हमला

Dec 15, 2025 - 11:43
 0  189
“हमारा राज्य अहंकार के आगे नहीं झुकेगा”: तमिलनाडु के सीएम स्टालिन का अमित शाह पर तीखा हमला

चेन्नई (आरएनआई)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने भाजपा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि तमिलनाडु किसी भी तरह के अहंकार के आगे झुकने वाला नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चाहे अमित शाह हों या संघ की पूरी ताकत, तमिलनाडु में डीएमके को चुनौती नहीं दी जा सकती।

रविवार को डीएमके की युवा शाखा (उत्तर क्षेत्र) के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री स्टालिन ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में डीएमके एक बार फिर भाजपा को पराजित करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र में 2024 के बाद भाजपा के तीसरी बार सत्ता में आने के बाद दक्षिणपंथी संगठन और अधिक आक्रामक हो गए हैं तथा झूठ और पिछड़ी सोच को फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में डीएमके की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वह अपने सिद्धांतों और विचारधारा के साथ मजबूती से जनता के बीच जाए।

स्टालिन ने कहा कि डीएमके का दायित्व केवल तमिलनाडु और तमिल भाषा की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे भारत की विविधता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना भी पार्टी का लक्ष्य है। उन्होंने दावा किया कि पूरे देश में डीएमके ही ऐसी राज्य स्तरीय पार्टी है, जो वैचारिक रूप से भाजपा के खिलाफ लगातार संघर्ष कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा तमिलनाडु में बार-बार असफल रही है, इसी कारण उसके नेता डीएमके से नाराज रहते हैं।

अमित शाह के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए स्टालिन ने कहा कि यह तमिलनाडु है, जहां लोगों का चरित्र और सोच अलग है। उन्होंने दो टूक कहा कि तमिलनाडु प्रेम और भाईचारे को अपनाता है, अहंकार को नहीं। राज्य किसी भी तरह के दबाव या घमंड के आगे नहीं झुकेगा, बल्कि उसका विरोध करेगा।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने अपने बेटे और डीएमके युवा विंग के नेता उदयनिधि स्टालिन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उदयनिधि विचारधारा को गहराई से समझते हैं और उसे मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं। यही वजह है कि विरोधी भी यह मानने को मजबूर हुए हैं कि डीएमके की युवा शाखा सबसे प्रभावशाली और मजबूत इकाई बनकर उभरी है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.