यूपी में मौसम का बदलेगा मिजाज: आज से चलेंगी पछुआ हवाएं, 42 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी
लखनऊ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश के मौसम में आज से बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। प्रदेश में ठंडक और बढ़ने के साथ-साथ कोहरे का असर भी तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से पूरे प्रदेश में पछुआ हवाएं चलनी शुरू होंगी, जिससे दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि हवाओं की रफ्तार बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में कोहरे के घनापन में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है।
फिलहाल उत्तर प्रदेश का अधिकांश हिस्सा कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। रविवार सुबह कई जिलों में हालात बेहद खराब रहे। आगरा और प्रयागराज में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जबकि अलीगढ़ में यह मात्र 30 मीटर दर्ज की गई। वाराणसी, बलिया, सोनभद्र और मुरादाबाद में भी दृश्यता 50 मीटर तक सिमट गई, जिससे सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रयागराज, मिर्जापुर, आगरा और इटावा समेत आसपास के इलाकों में अत्यंत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 42 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इन जिलों में सुबह और देर रात के समय दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना जताई गई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार सोमवार से प्रदेश में धीमी पछुआ हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार धीरे-धीरे बढ़ेगी। इसके प्रभाव से तापमान में गिरावट आएगी और अगले कुछ दिनों में कोहरे की तीव्रता में भी कमी देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि घने कोहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, वाहन चलाते समय फॉग लाइट का प्रयोग करें और विशेष सावधानी बरतें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



