सुंदर सिंह ठाकुर बनेंगे मंत्री, प्रियंका गांधी 14 अगस्त को आ सकती हैं शिमला
हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि सुंदर सिंह ठाकुर जल्द ही कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। इसके साथ ही विभागों में फेरबदल की संभावना भी जताई गई है। वहीं, प्रियंका गांधी के 14 अगस्त को शिमला आने की चर्चा है।
शिमला के चौड़ा मैदान में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर फैसला लिया जाएगा। हालांकि, सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाने की मंजूरी मिलने पर उनकी शपथ समिति की बैठक से पहले भी हो सकती है। अभी बैठक की तारीख तय नहीं हुई है।
करीब पौने चार साल से खाली है एक मंत्री पद
हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री समेत मंत्रिमंडल में अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। सुक्खू सरकार के गठन के समय आठ मंत्रियों को जिम्मेदारी दी गई थी। बाद में राजेश धर्माणी और यादवेंद्र गोमा को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। इसके बावजूद एक मंत्री पद लंबे समय से खाली है। अब मुख्यमंत्री के बयान के बाद सुंदर सिंह ठाकुर को यह जिम्मेदारी मिलने की संभावना बढ़ गई है।
सुंदर सिंह ठाकुर सुक्खू सरकार में मुख्य संसदीय सचिव रह चुके हैं। हालांकि, अदालत द्वारा मुख्य संसदीय सचिवों की नियुक्ति को अवैध घोषित किए जाने के बाद उन्हें इस पद से हटा दिया गया था।
5 मई 1965 को कुल्लू के शलांग में जन्मे सुंदर सिंह ठाकुर ने पंजाब विश्वविद्यालय से बीएससी और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की है। वह बागवानी और होटल व्यवसाय से भी जुड़े रहे हैं। वर्ष 1991 में उन्होंने पहली बार पंचायत समिति का चुनाव जीता और बाद में कुल्लू पंचायत समिति के अध्यक्ष बने।
प्रियंका गांधी के शिमला आने की चर्चा
मुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी के 14 अगस्त को शिमला आने की संभावना की भी जानकारी दी। इस दौरान सेब बागवानों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सेब बागवानों की पूरी उपज खरीदने की दिशा में काम कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)