सहरसा में राजद नेता के बेटे की संदिग्ध मौत, घर के पीछे मिला शव; पुलिस ने जांच शुरू की
सहरसा (आरएनआई) बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में उस समय सनसनी फैल गई जब राजद नगर अध्यक्ष सुरेंद्र यादव के 17 वर्षीय बेटे प्रीतम कुमार का शव रविवार सुबह घर के पीछे चापाकल और बाथरूम के पास संदिग्ध हालात में मिला। परिजनों और स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश और भय का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, प्रीतम शनिवार की रात घर पर ही सोया था। रविवार तड़के उसकी मां नूतन देवी ने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला है और बेटा बिस्तर पर नहीं है। कुछ देर बाद जब वह घर के पीछे पशुओं को चारा देने गईं, तो उन्होंने प्रीतम को जमीन पर पड़ा हुआ देखा। परिजनों ने तुरंत उसे अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक प्रीतम इंटरमीडिएट का छात्र था और पढ़ाई के साथ अपने पिता के राजनीतिक कार्यों में सक्रिय रूप से सहयोग करता था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार सदमे में है।
घटना की सूचना मिलते ही सिमरी बख्तियारपुर थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार, इंस्पेक्टर मो. सुजाउद्दीन और एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
फिलहाल पुलिस ने कहा है कि परिजनों द्वारा कोई लिखित शिकायत अभी तक नहीं दी गई है। हालांकि, मामले को हर कोण से जांच में लिया गया है।
गौरतलब है कि मृतक के पिता सुरेंद्र यादव, जो वर्तमान में राजद नगर अध्यक्ष हैं, हाल ही में एक मारपीट के मामले में नामजद आरोपी बनाए गए थे। ऐसे में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस पृष्ठभूमि का इस घटना से कोई संबंध है या नहीं।
प्रीतम की मौत ने पूरे इलाके को शोक और रहस्य में डाल दिया है। स्थानीय लोगों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



