सड़क सुरक्षा पर कलेक्टर सख्त, हेलमेट-सीट बेल्ट, ब्लैक स्पॉट सुधार और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

Friday, December 19, 2025 - 21:35
Updated: 10 months ago
0
सड़क सुरक्षा पर कलेक्टर सख्त, हेलमेट-सीट बेल्ट, ब्लैक स्पॉट सुधार और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

गुना (आरएनआई) कलेक्टर की अध्यक्षता में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे,संयुक्‍त कलेक्टर डॉ. संजीव खेमरिया सहित पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण विभाग एवं नगर पालिका के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

नियमित बैठकें हों, समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो
बैठक की शुरुआत में कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएं, ताकि यातायात से जुड़ी समस्याओं का समय पर निराकरण हो सके।

हेलमेट और सीट बेल्ट अभियान होगा तेज
कलेक्टर ने ट्रैफिक टीआई को निर्देश दिए कि कलेक्टर कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं न्यायालय परिसर में विशेष रूप से हेलमेट एवं सीट बेल्ट जांच अभियान चलाया जाए, ताकि आमजन में नियमों के प्रति अनुशासन विकसित हो।

18,484 चालान, 234 लाइसेंस निरस्तीकरण प्रस्ताव
बैठक में ट्रैफिक टीआई द्वारा जानकारी दी गई कि बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना लाइसेंस सहित अन्य यातायात उल्लंघनों पर अब तक कुल 18,484 चालानी कार्रवाई की जा चुकी है। साथ ही वर्तमान वर्ष में 234 वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्तीकरण के प्रस्ताव परिवहन कार्यालय को भी भेजे गए हैं।

जाम से राहत के लिए संयुक्त क्रेन संचालन
गुना शहर की यातायात व्यवस्था पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने स्वयं निरीक्षण करने की बात कही। उन्होंने शहर में जाम की समस्या से आमजन को राहत दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस एवं नगर पालिका को संयुक्त रूप से क्रेन संचालन के निर्देश दिए। साथ ही क्रेन से हटाए गए वाहनों पर चालानी शुल्क की प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

पार्किंग स्थल चिन्हांकन और रोड मार्किंग पर जोर
कलेक्टर ने नगर पालिका को निर्देशित किया कि शहर में विभिन्न स्थानों पर पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन किया जाए। इसके अतिरिक्त यातायात सुधार के लिए सड़क लाइनिंग एवं रोड मार्किंग का कार्य पुनः शीघ्र कराया जाए, ताकि वाहन चालकों को स्पष्ट मार्गदर्शन मिल सके।

ब्लैक स्पॉट्स पर होगा संयुक्त सुधार कार्य
बैठक में जिले के विभिन्न दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स की जानकारी भी ली गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इन स्थानों पर संयुक्त टीम बनाकर आवश्यक सुधार कार्य तत्काल सुनिश्चित किए जाएं, जिससे दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाई जा सके।

बैठक समापन पर कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि “सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन कर ही हम दुर्घटनाओं को रोक सकते हैं। इसके साथ ही मोबाइल के उपयोग और दुरुपयोग, परिवहन के नियम, विभिन्न आपदा प्रबंधन तरीके सहित नागरिकों की जागरूकता के लिए पंपलेट प्रचारित करने के भी निर्देश दिए।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User