व्यापार मेले में वाहनों पर टैक्स छूट के फैसले पर चैंबर ऑफ कॉमर्स ने सिंधिया और मुख्यमंत्री का जताया आभार
ग्वालियर (आरएनआई)। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा श्रीमंत माधवराव सिंधिया व्यापार मेले में बिकने वाले वाहनों पर रजिस्ट्रेशन शुल्क और रोड टैक्स में छूट देने के निर्णय को व्यापार जगत ने ऐतिहासिक कदम बताया है। इस निर्णय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए मध्य प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन, ग्वालियर मेला व्यापारी संघ और कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भेंट कर उनका तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस फैसले से न केवल व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी, बल्कि ग्वालियर-चंबल अंचल में व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। व्यापार मेले में वाहनों की बिक्री बढ़ने से स्थानीय ऑटोमोबाइल डीलर, सहायक उद्योग और सेवा क्षेत्र को भी प्रत्यक्ष लाभ होगा, जिससे पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

प्रतिनिधियों ने बताया कि टैक्स और रजिस्ट्रेशन शुल्क में छूट से उपभोक्ताओं को भी सीधा लाभ मिलेगा और बड़ी संख्या में लोग मेले से वाहन खरीदने के लिए आकर्षित होंगे। इससे मेला एक बड़े आर्थिक केंद्र के रूप में उभरेगा।
इस अवसर पर चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को चैंबर में पधारने का औपचारिक आमंत्रण भी दिया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में भविष्य में भी व्यापारिक समुदाय को इसी प्रकार सहयोग मिलता रहेगा।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापार और उद्योग किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सिंधिया ने आश्वासन दिया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर व्यापार, उद्योग और रोजगार सृजन के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी।
भेंट के दौरान मध्य प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन, मेला व्यापारी संघ और कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ग्वालियर के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)