राघौगढ़ में बेकाबू ट्रक का कहर: ट्रैक्टर-कार को रौंदा, 1 की मौत, 7 घायल

Thursday, July 16, 2026 - 16:09
Updated: 3 months ago
0
राघौगढ़ में बेकाबू ट्रक का कहर: ट्रैक्टर-कार को रौंदा, 1 की मौत, 7 घायल

जिले के राघौगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली साडा कॉलोनी पुल के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सडक़ हादसा सामने आया है। धरनावदा की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने रास्ते में जमकर तबाही मचाई, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब 8-9 बजे की है। धरनावदा मार्ग से आ रहे ट्रक ने सबसे पहले पेट्रोल पंप के पास एक ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मारी। हादसे के बाद चालक ने ट्रक को रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी और वहां से भागने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान साडा कॉलोनी पुल के पास ट्रक ने एक कार को भी अपनी चपेट में ले लिया और राहगीरों को रौंदते हुए निकल गया। उक्त गाड़ी में छत डालने वाले मजदूरों की टीम बैठी थी।

इस भीषण दुर्घटना में पहलवान सहरिया नामक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इसके अतिरिक्त पांच अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज राघौगढ़ के स्थानीय अस्पताल में ही चल रहा है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा। सूचना मिलते ही राघौगढ़ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

राघौगढ़ थाना प्रभारी अजय जाट ने बताया कि ट्रक ने पहले ट्रैक्टर और फिर आगे जाकर कार को टक्कर मारी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User