मथुरा में दिनदहाड़े सुप्रीम कोर्ट के वकील का कथित अपहरण, पूर्व चेयरमैन की कोठी से रेस्क्यू

Sunday, May 10, 2026 - 21:29
Updated: 3 months ago
0
मथुरा में दिनदहाड़े सुप्रीम कोर्ट के वकील का कथित अपहरण, पूर्व चेयरमैन की कोठी से रेस्क्यू

मथुरा के बरसाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने जिले की कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता एवं पेट्रोल पंप संचालक दिवाकर शर्मा को दिनदहाड़े रास्ते में रोककर अगवा किया गया, उनके साथ मारपीट की गई और फिर उन्हें एक पूर्व चेयरमैन की कोठी पर बंधक बनाकर रखा गया।

पीड़ित अधिवक्ता का आरोप है कि करीब 40 लोगों ने उन्हें जबरन गाड़ी में डालकर कोठी तक ले जाया, जहां लगभग दो घंटे तक बंधक बनाकर मारपीट की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने हथियार दिखाकर धमकाया और उनके साथ अभद्रता की।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में भारी तनाव फैल गया। बरसाना और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पूर्व चेयरमैन की कोठी को चारों तरफ से घेर लिया। देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में गुस्सा साफ दिखाई देने लगा।

बताया जा रहा है कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उसे भी तुरंत अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। करीब 15 मिनट की मशक्कत और तनाव के बाद पुलिस कोठी के अंदर पहुंच सकी और अधिवक्ता को सुरक्षित बाहर निकाला। इस पूरे घटनाक्रम ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या अब दबंगों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि कानून का डर खत्म हो गया है?

स्थानीय लोगों और अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि एक सुप्रीम कोर्ट का वकील ही सुरक्षित नहीं है, तो आम आदमी की सुरक्षा का क्या भरोसा रह जाता है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कथित तौर पर अधिवक्ता के फटे कपड़े और मदद की गुहार की चर्चाएं पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक पूरा विवाद जमीन और रास्ते को लेकर चल रहा था, लेकिन जिस तरह कथित अपहरण, बंधक बनाने और मारपीट के आरोप सामने आए हैं, उससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और घटनास्थल से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User