बासित नगर चौराहे पर धड़ल्ले से चल रहा गर्भपात का कारोबार

Sunday, May 21, 2023 - 16:51
Updated: 3 years ago
0
बासित नगर चौराहे पर धड़ल्ले से चल रहा गर्भपात का कारोबार

शाहाबाद हरदोई। गर्भपात एक दंडनीय अपराध है । सरकार के इस फरमान के बाद भी शाहाबाद नगर क्षेत्र में धड़ल्ले के साथ गर्भपात का कारोबार किया जा रहा है । गर्भपात के इस कारोबार का प्रमुख केंद्र बासित नगर चौराहा है। स्वास्थ्य विभाग के आला हुक्मरान इस गोरखधंधे के बारे में जानबूझकर अंजान बने हुए हैं। शाहाबाद नगर क्षेत्र के बासित नगर चौराहे पर बबुराही गांव के कुछ झोलाछाप डॉक्टर धड़ल्ले के साथ अपनी दुकान के अंदर गर्भपात का कार्य कर रहे हैं और भारी धन उगाही करके स्वास्थ्य विभाग को ठेंगा दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। अधकचरी और फितरती बुद्धि के झोलाछाप डॉक्टरों का बासित नगर चौराहा प्रमुख केंद्र है। बासित नगर चौराहे पर बबुराही गांव के दो झोलाछाप डॉक्टर क्लीनिक के नाम पर केवल गर्भपात का कार्य कर रहे हैं । सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार झोलाछाप डॉक्टर अपनी दुकान में पर्दा डालकर गर्भपात का कार्य पिछले कई महीनों से संचालित कर रहे हैं हालांकि स्वास्थ्य विभाग को इस गोरखधंधे की कई बार शिकायत की गई परंतु स्वास्थ्य विभाग के हुक्मरानों ने यहां जांच करना मुनासिब नहीं समझा । आपको बता दें सरकार द्वारा गर्भपात पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है । इसके बावजूद आशा बहुओं के माध्यम से इन झोलाछाप डॉक्टरों के यहां बड़ी संख्या में गर्भपात कराने के लिए महिलाएं पहुंच रही हैं और उनसे भारी रकम वसूली जा रही है। अगर गर्भपात कराने वाली महिला विधवा या अविवाहित है तो यह रकम काफी बढ़ जाती है । आशा बहुओं को इन झोलाछाप डॉक्टरों द्वारा सीधे कमीशन दिया जा रहा है। बताया जाता है झोलाछाप डॉक्टरों ने अपने यहां गर्भवती महिलाओं का कार्य करने वाली कुछ दाईयों को लगा रखा है जो गर्भपात के कार्य को अंजाम दे रही हैं। और अपना तय शुल्क ले रही हैं। बासित नगर चौराहे के इन झोलाछाप डॉक्टरों की कार्यशैली के बारे में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है परंतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन झोलाछाप डॉक्टरों के प्रति कोई भी कार्यवाही नहीं की गई। चिकित्सा अधीक्षक के अनुसार उन्हें इस कार्य को कोई जानकारी नहीं है अगर ऐसा होता है तो जांच करा कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User